वाराणसी। पुलिस आयुक्त वाराणसी द्वारा अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण हेतु चलाए जा रहे अभियान के तहत वरुणा ज़ोन में एक बड़ी सफलता हासिल की गई है। पुलिस उपायुक्त वरुणा ज़ोन के निर्देशन, अपर पुलिस उपायुक्त के पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस आयुक्त कैण्ट के कुशल नेतृत्व में एंटी नारकोटिक्स फोर्स और थाना शिवपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने एक आरोपी को भारी मात्रा में नशीले पदार्थ के साथ गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने 30 मई 2026 को लगभग 15:30 बजे हरिहरपुर चौराहा, रिंग रोड के पास से अभियुक्त नीरज सेठ पुत्र बाबूलाल सेठ, निवासी रसूलपुर थाना बड़ागांव, जनपद वाराणसी को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से कुल 325 ग्राम अवैध हेरोइन, एक एंड्रॉइड मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल तथा 820 रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर थाना शिवपुर में मु0अ0सं0 0237/2026 धारा 8/21/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।
गिरफ्तार अभियुक्त की उम्र लगभग 32 वर्ष बताई जा रही है। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है तथा यह पता लगाने में जुटी है कि वह नशीले पदार्थ की सप्लाई नेटवर्क में किस स्तर तक जुड़ा हुआ था।फिलहाल पुलिस टीम पूरे नेटवर्क की कड़ियों को खंगालने में जुटी है और आने वाले दिनों में इस मामले में और भी खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
