विश्व माहवारी स्वच्छता दिवस पर जागरूक हुईं बेटियां,सैनिटरी नैपकिन का भी हुआ वितरण

लखीसराय(सरफराज आलम)विश्व माहवारी स्वच्छता दिवस के अवसर पर महिला एवं बाल विकास निगम, लखीसराय के तत्वावधान में तथा संकल्प हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वीमेन के सहयोग से कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, रामगढ़ चौक में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं को माहवारी स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।

कार्यक्रम का शुभारंभ महिला सशक्तिकरण केंद्र के जिला मिशन समन्वयक प्रशांत कुमार, सखी वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासक पूनम कुमारी, वार्डन सह शिक्षिका वीणा कुमारी एवं वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ अमित कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

इस अवसर पर पूनम कुमारी ने कहा कि प्रत्येक वर्ष 28 मई को विश्व माहवारी स्वच्छता दिवस मनाया जाता है। इसका उद्देश्य महिलाओं एवं किशोरियों को सुरक्षित मासिक धर्म प्रबंधन के प्रति जागरूक करना तथा इससे जुड़ी सामाजिक रूढ़ियों और वर्जनाओं को समाप्त करना है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2026 की थीम “पीरियड फ्रेंडली वर्ल्ड” है, जिसका लक्ष्य माहवारी को शर्म नहीं बल्कि स्वास्थ्य का सामान्य हिस्सा मानने वाला समाज बनाना है।

उन्होंने छात्राओं को माहवारी के दौरान स्वच्छता बनाए रखने के उपाय बताते हुए कहा कि सैनिटरी पैड या मेंस्ट्रुअल कप को हर 4 से 6 घंटे के अंतराल पर बदलना चाहिए। नियमित स्नान, साफ-सफाई एवं हाथों की स्वच्छता संक्रमण से बचाव के लिए आवश्यक है। साथ ही शरीर में आयरन की कमी से बचने के लिए हरी सब्जियां, फल एवं पौष्टिक आहार लेने की सलाह दी गई।

जिला मिशन समन्वयक प्रशांत कुमार ने कहा कि मासिक धर्म को लेकर समाज में फैली झिझक और अंधविश्वास को समाप्त करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, बाल विवाह निषेध, महिला हेल्पलाइन-181 तथा सखी वन स्टॉप सेंटर सहित महिला एवं बाल विकास निगम की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी छात्राओं को दी।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर माहवारी स्वच्छता का संदेश दिया। वहीं छात्राओं के बीच सैनिटरी नैपकिन का वितरण भी किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय की दर्जनों छात्राएं एवं अन्य कर्मी उपस्थित रहे।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.