मीरजापुर: अकोढ़ी-बबूरा मार्ग 4 माह बंद, वैकल्पिक रास्ता नहीं, ग्रामीणों का ऐलान- फ्लाईओवर दो वरना वोट नही

  • रिपोर्ट: मंजय वर्मा

मीरजापुर: अकोढ़ी, बबूरा और जोपा संपर्क मार्ग स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर अंडरब्रिज निर्माण कार्य शुरू होने के कारण आगामी चार महीनों तक आवागमन पूरी तरह बाधित रहेगा। इससे क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। शुक्रवार को इस मुद्दे को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा और उन्होंने धरना-प्रदर्शन कर प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

ग्रामीणों का कहना है कि अंडरब्रिज निर्माण के दौरान मार्ग बंद होने से उन्हें मात्र पांच किलोमीटर की दूरी तय करने के लिए लगभग 35 किलोमीटर का लंबा चक्कर लगाना पड़ेगा। इससे छात्रों, किसानों, व्यापारियों और रोजाना आवागमन करने वाले लोगों को आर्थिक और समय दोनों तरह की परेशानी झेलनी पड़ेगी।

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि वर्षों से इस क्षेत्र की उपेक्षा की जा रही है। रेलवे क्रॉसिंग पर फ्लाईओवर निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई। ग्रामीणों का कहना है कि मिर्जापुर जनपद का यह इलाका विकास के मामले में सबसे अधिक पिछड़ा हुआ नजर आता है। सड़क, पुल और यातायात जैसी बुनियादी सुविधाओं के अभाव में लोगों को लगातार समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

धरना-प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने एक स्वर में फ्लाईओवर निर्माण की मांग उठाई और चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों को गंभीरता से नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। ग्रामीणों ने “फ्लाईओवर नहीं तो वोट नहीं” का नारा लगाते हुए आगामी चुनावों में जनप्रतिनिधियों का विरोध करने की भी चेतावनी दी।

ग्रामीणों का कहना है कि अंडरब्रिज निर्माण कार्य आवश्यक है, लेकिन इसके साथ वैकल्पिक मार्ग की समुचित व्यवस्था और स्थायी समाधान के रूप में फ्लाईओवर का निर्माण भी कराया जाना चाहिए। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे और प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप की मांग की।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.