आगरा में विदेशी महिला टूरिस्ट का वीडियो वायरल, पुलिस ने दावों को बताया भ्रामक

  • रिपोर्ट: सुरजीत सिंह

उत्तर प्रदेश के आगरा में एक रूसी महिला टूरिस्ट द्वारा सोशल मीडिया पर शेयर किया गया वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में महिला सड़क पर चलते समय हुए एक अजीब अनुभव के बारे में बताती नजर आ रही है। इस वीडियो के सामने आने के बाद ताज नगरी में टूरिस्ट सुरक्षा और स्थानीय लोगों के व्यवहार को लेकर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है।

करीब 23 सेकंड की इस क्लिप को रूसी टूरिस्ट किरा सुवोरोवा ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया है। वह अपनी प्रोफाइल पर खुद को साइकोलॉजिस्ट बताती हैं। वीडियो के कैप्शन में उन्होंने लिखा, “हमने आगरा में दुकान तक पैदल जाने का फैसला किया। ऐसा कभी मत करें।”

बताया जा रहा है कि वीडियो यमुना किनारा रोड इलाके में रिकॉर्ड किया गया था। वीडियो में किरा सड़क किनारे पैदल चलती दिखाई दे रही हैं। इसी दौरान एक ऑटो-रिक्शा चालक और एक अन्य व्यक्ति उनके पास आते नजर आते हैं। बैकग्राउंड में कुछ लोग “मैम, मैम, एक्सक्यूज मी मैम” कहते हुए भी सुनाई दे रहे हैं। वीडियो संभवतः उनके साथ चल रहे किसी साथी ने रिकॉर्ड किया था।

वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया और 48 घंटे के भीतर इसे 23 हजार से ज्यादा लाइक और हजारों शेयर मिले। कई यूजर्स ने विदेशी टूरिस्ट के अनुभव को लेकर चिंता जाहिर की। हालांकि बाद में आगरा पुलिस ने मामले पर सफाई देते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर घटना को बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया गया।

असिस्टेंट पुलिस कमिश्नर सुकन्या शर्मा ने कहा कि वीडियो में किसी प्रकार की छेड़छाड़ या खुली बदसलूकी की घटना सामने नहीं आई है। उन्होंने कहा कि कुछ सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए मामले को लेकर गलत जानकारी फैलाई जा रही है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, टूरिस्ट ने खुद सड़क पर चलते हुए वीडियो रिकॉर्ड किया था और बाद में बताया कि उस दौरान उन्हें असहज महसूस हुआ। पुलिस का कहना है कि इसी के बाद सोशल मीडिया पर कई भ्रामक दावे फैलने लगे।

आगरा पुलिस ने कहा कि प्रशासन “अतिथि देवो भव” की भावना के तहत पर्यटकों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। अधिकारियों ने यह भी चेतावनी दी कि घटना को लेकर सोशल मीडिया पर गलत या भड़काऊ जानकारी फैलाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.