country’s hottest city : देश का सबसे गर्म शहर बांदा में भीषण लू से राहत के लिए ट्रैफिक सिग्नल किए गए ‘फ्री फ्लो’
उत्तर प्रदेश का बांदा इस समय भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। लगातार एक सप्ताह से तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार बना हुआ है, जिसके चलते जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। हालात को देखते हुए जिला प्रशासन ने लोगों को राहत देने के लिए अनोखी पहल की है। दोपहर के सबसे गर्म समय में ट्रैफिक सिग्नलों को ‘फ्री फ्लो’ मोड पर कर दिया गया है, ताकि लोगों को चिलचिलाती धूप में लाल बत्ती पर रुकना न पड़े।
प्रशासन के अनुसार सुबह और शाम के समय ट्रैफिक सिग्नल सामान्य तरीके से ही संचालित होंगे। इसके अलावा शहर के प्रमुख चौराहों और तिराहों पर अस्थायी शेल्टर बनाए गए हैं, जहां लोग गर्मी से राहत ले सकें। ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को छाते और गमछे भी वितरित किए गए हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज प्रजापति ने बताया कि यात्रियों की परेशानी कम करने के लिए सबसे गर्म घंटों में ट्रैफिक को बिना रोक-टोक चलाने का फैसला लिया गया है।
मौसम विज्ञानी डॉ. दिनेश के मुताबिक बांदा में भीषण गर्मी के पीछे कई कारण हैं। कर्क रेखा के नजदीक होने के कारण यहां सीधी धूप पड़ती है। इसके अलावा आसमान साफ रहना, मिट्टी में नमी की कमी, नदियों का सूखना, पेड़ों की कटाई और अवैध खनन भी तापमान बढ़ाने के बड़े कारण हैं।
स्थानीय निवासी पुनीत सक्सेना का कहना है कि पत्थर और रेत माफियाओं की वजह से लगातार पेड़ कट रहे हैं, जिससे इलाके में गर्मी और बढ़ गई है। उन्होंने इसे बांदा वासियों के लिए “अग्नि परीक्षा” बताया।
भारतीय मौसम विभाग ने पूरे उत्तर प्रदेश में अगले तीन दिनों तक भीषण लू का रेड अलर्ट जारी किया है। इसके बाद ऑरेंज अलर्ट लागू रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार 28 मई तक पूर्वी उत्तर प्रदेश और पूर्वी मध्य प्रदेश में लू का प्रकोप जारी रह सकता है। वहीं पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और चंडीगढ़ में भी लू चलने की संभावना जताई गई है।
भीषण गर्मी का असर स्वास्थ्य सेवाओं पर भी दिखाई दे रहा है। अस्पतालों में हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। जिला प्रशासन ने लोगों से दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक घर से बाहर न निकलने की अपील की है। बुजुर्गों, बच्चों और गर्भवती महिलाओं को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
लोगों को राहत देने के लिए शहर के अलग-अलग इलाकों में पानी के टैंकर लगाए गए हैं। साथ ही फ्रूट जूस और ORS पैकेट्स का मुफ्त वितरण भी शुरू कर दिया गया है।
