रामपुर जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी के निर्देश पर गुरुवार सुबह करीब 6 बजे अजीतपुर ओवरब्रिज के पास सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान को सिविल लाइन कोतवाल ओमकार सिंह और यात्रीकर अधिकारी होरी लाल वर्मा ने संयुक्त रूप से संचालित किया।
चेकिंग के दौरान 2 ओवरलोड डंपर पकड़े गए, जबकि 25 अन्य डंपरों में कई तरह की खामियां पाई गईं। इनमें एचएसआरपी नंबर प्लेट न होना, प्रेशर हॉर्न का इस्तेमाल, रेट्रो रिफ्लेक्टिव टेप न लगा होना और चालकों द्वारा सीट बेल्ट का प्रयोग न करना शामिल है।
नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर सभी वाहनों को अजीतपुर पुलिस चौकी, थाना सिविल लाइंस में बंद कराया गया। अधिकारियों के मुताबिक इस कार्रवाई से लगभग 6.50 लाख रुपये का प्रशमन शुल्क वसूला जाएगा।
प्रशासन ने कहा कि सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। साथ ही वाहन स्वामियों और चालकों से अपील की गई है कि डंपरों में रेता, बजरी या अन्य सामग्री ओवरलोड न भरें और वाहनों को निर्धारित गति सीमा में ही चलाएं, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
