ऐलनाबाद, 14 मई( एम पी भार्गव ) ऐलनाबाद और पूरे प्रदेश के नागरिकों के लिए एक बेहद राहत भरी खबर सामने आई है। पिछले 13 दिनों से शहर को कूड़े के ढेर में तब्दील कर देने वाली नगर निगम सफाई कर्मचारियों की हड़ताल आखिरकार समाप्त हो गई है। इसके साथ ही, पिछले 36 दिनों से अपनी मांगों को लेकर कार्य.का बहिष्कार कर रहे दमकल विभाग के कर्मचारियों ने भी अपना आंदोलन खत्म कर दिया है और सभी अपनी ड्यूटी पर लौट आए हैं।
सफाई कर्मचारियों की हड़ताल खत्म करने का यह अहम फैसला रोहतक में आयोजित नगर पालिका कर्मचारी संघ के राज्य स्तरीय सम्मेलन में लिया गया। हालांकि, कर्मचारी नेताओं ने स्पष्ट किया है कि यह हड़ताल पूरी तरह से वापस नहीं ली गई है, बल्कि इसे 30 जून तक के लिए स्थगित किया गया है। सरकार को सीधा अल्टीमेटम दिया गया है कि यदि 30 जून तक कच्चे कर्मियों को पक्का करने सहित उनकी सभी जायज मांगें पूरी नहीं की गईं, तो कर्मचारी एक बार फिर हड़ताल पर जाने को मजबूर होंगे। बता दें कि चंडीगढ में कैबिनेट मंत्री के नेतृत्व में हुई बैठक में कर्मचारियों की लगभग मांगो को सरकार ने पूरा करने की हामी भर ली है। जिसे 30 जून से पहले लागू कर दिया जाए
– दोपहर 2 बजे ड्यूटी पर पहुंचे दमकलकर्मी
दूसरी ओर, शहर की आपातकालीन सुरक्षा को प्रभावित कर रही दमकलकर्मियों की 36 दिन लंबी हड़ताल भी गुरुवार दोपहर 2 बजे के बाद समाप्त हो गई। सभी दमकलकर्मी दोपहर बाद अपनी-अपनी ड्यूटी पर पहुंच गए हैं।
शहर की स्थिति को देखते हुए सभी कर्मचारी अपने-अपने काम पर लौट गए हैं। सफाई कर्मचारियों के काम पर लौटने से अब ऐलनाबाद की सड़कों, बाजारों और कॉलोनियों में पिछले 13 दिनों से जमा कूड़े के बड़े-बड़े ढेर के जल्द उठने और शहर की सफाई व्यवस्था के फिर से पटरी पर लौटने की उम्मीद जग गई है.
सफाई कर्मचारी अपने साधनों सहित चौधरी देवीलाल चौक, गांधी चौक,पंचमुखी चौक, नगर पालिका के पास वाले सारे कूड़े के ढेरो को उठा दिया गया है, शहर को दोबारा चकाचक करने के लिए अब शाम के समय भी सफाई कर्मचारी लगे हुए हैं.
