पटना में नई NDA सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार का जश्न अभी ठंडा भी नहीं पड़ा था कि राजधानी की सड़कों पर युवाओं का गुस्सा फूट पड़ा। BPSC TRE 4.0 भर्ती का विज्ञापन जारी करने की मांग को लेकर हजारों अभ्यर्थी शुक्रवार को सड़क पर उतर आए। भारी पुलिस बल की मौजूदगी के बीच प्रदर्शनकारी जेपी गोलंबर तक पहुंचे, जहां हालात तनावपूर्ण हो गए और पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया।
सरकारी शिक्षक बनने का सपना देख रहे अभ्यर्थियों का आरोप है कि सरकार ने 1.2 लाख शिक्षक पदों पर भर्ती का वादा किया था, लेकिन अब पदों की संख्या घटाकर करीब 26-27 हजार कर दी गई है। इससे युवाओं में भारी नाराजगी है। प्रदर्शनकारी लगातार नारे लगा रहे थे – “नौकरी दो, वादा निभाओ” और “रोजगार हमारा अधिकार है।”
ANI और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर वायरल वीडियो के मुताबिक, पटना कॉलेज से शुरू हुआ प्रदर्शन जेपी गोलंबर तक पहुंचा। प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग पार करने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए बल प्रयोग किया। कई छात्रों के घायल होने की भी खबर सामने आई है।
अभ्यर्थियों की मुख्य मांग है कि सरकार TRE 4.0 के तहत सभी रिक्त पदों का पूरा विज्ञापन जारी करे। साथ ही वे पुराने परीक्षा पैटर्न और पूर्ण डोमिसाइल नीति लागू करने की भी मांग कर रहे हैं। उम्मीदवारों का कहना है कि लंबे समय से भर्ती प्रक्रिया में देरी और पदों की संख्या घटाने से लाखों युवाओं का भविष्य अधर में लटक गया है।
Patna, Bihar: Candidates of BPSC TRE-4 staged a protest in Patna demanding the release of the notification. They were stopped by heavy police deployment near JP Golambar, and a lathi charge was carried out after they tried to move forward pic.twitter.com/hwDyvUd5Je
— IANS (@ians_india) May 8, 2026
यह आंदोलन अब सिर्फ शिक्षक भर्ती तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि बिहार में बढ़ती बेरोजगारी और युवाओं के टूटते धैर्य का प्रतीक बनता जा रहा है। नई कैबिनेट बनने के तुरंत बाद युवाओं का सड़क पर उतरना सरकार के लिए बड़ा राजनीतिक संदेश माना जा रहा है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यदि सरकार जल्द कोई ठोस फैसला नहीं लेती, तो यह मुद्दा आने वाले चुनावों में बड़ा असर डाल सकता है। प्रदर्शन कर रहे युवाओं का कहना है कि “नौकरी मांगना कोई जुर्म नहीं है।” पटना की सड़कों पर गूंज रही यह आवाज अब बिहार के बेरोजगार युवाओं की बड़ी लड़ाई का रूप लेती दिखाई दे रही है।
