नगर पालिका कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी, शहर में कूड़े के लगे बड़े-बड़े ढेर, सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन
ऐलनाबाद, 04 मई (एम पी भार्गव ) नगर पालिका कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल के चलते शहर में सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। पिछले तीन-चार दिनों से कूड़ा नहीं उठाए जाने के कारण शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर कूड़े के बड़े-बड़े ढेर लग गए हैं, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रविवार को नगर पालिका कर्मचारियों ने चौधरी देवीलाल चौक पर एकत्र होकर सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर सरकार के प्रति नाराजगी जताई और जल्द समाधान की मांग की। कर्मचारियों ने बताया कि वे लगातार अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
इसी क्रम में उन्होंने 27 और 28 अप्रैल को भूख हड़ताल की थी, जबकि 1 और 2 मई को राष्ट्रीय स्तर पर हड़ताल में भी भाग लिया। इसके बावजूद सरकार की ओर से उनकी मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने कहा कि उनकी मांगें पूरी तरह जायज हैं। उन्होंने मांग की कि सभी कच्चे कर्मचारियों को पक्का किया जाए, ठेका प्रथा को समाप्त किया जाए तथा कर्मचारियों को नियमित वेतनमान पर लिया जाए। साथ ही मानदेय में बढ़ोतरी भी की जाए। कर्मचारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक हड़ताल जारी रहेगी जिससे कूड़ा उठान और शहर की सफाई भी प्रभावित होगी। उन्होंने कहा कि जिस दिन सरकार उनकी मांगों को मान लेगी, उसी दिन वे एक दिन के भीतर पूरे शहर की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त कर देंगे।
इस दौरान कर्मचारियों ने यह भी बताया कि फायर विभाग के कर्मचारी भी लंबे समय से धरने पर बैठे हैं, लेकिन उनकी समस्याओं की ओर भी सरकार ध्यान नहीं दे रही है। प्रदर्शन में गौरीशंकर, इंदर सिंह, नाथूराम, सनी चावरिया, आत्माराम सरबटा, जयचंद, अजय कुमार, संदीप खन्ना सहित भारी संख्या में कर्मचारी उपस्थित थे।
