योगी सरकार का ‘रफ्तार युग’ तेज़: गंगा के बाद अब विंध्य एक्सप्रेस-वे की बारी, 330 किमी हाई-स्पीड कॉरिडोर से बदलेगा यूपी का नक्शा
- रिपोर्ट- पकंज झा
वाराणसी। उत्तर प्रदेश में इंफ्रास्ट्रक्चर विकास को नई गति देते हुए योगी सरकार अब गंगा एक्सप्रेस-वे के बाद विंध्य एक्सप्रेस-वे की तैयारी में जुट गई है। करीब 330 किलोमीटर लंबे इस हाई-स्पीड कॉरिडोर को प्रदेश के विकास का अगला बड़ा इंजन माना जा रहा है, जो कनेक्टिविटी और आर्थिक गतिविधियों को नई ऊंचाई देगा।
इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए 84 गांवों की जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा। सरकार का दावा है कि यह एक्सप्रेस-वे न केवल यात्रा को तेज और सुगम बनाएगा, बल्कि पूर्वांचल और विंध्य क्षेत्र के विकास को भी नई दिशा देगा। विंध्य एक्सप्रेस-वे के निर्माण से औद्योगिक निवेश, व्यापार और रोजगार के अवसरों में इजाफा होने की उम्मीद है, जिससे क्षेत्रीय असंतुलन कम करने में भी मदद मिलेगी। प्रदेश में तेजी से बनते एक्सप्रेस-वे नेटवर्क के साथ उत्तर प्रदेश अब ‘रफ्तार युग’ की ओर बढ़ता नजर आ रहा है, जहां सड़कें सिर्फ रास्ते नहीं बल्कि विकास की धड़कन बन रही हैं।
