लखीसराय: टाली कोड़ासी टोला से जनगणना कार्य का शुभारंभ, डीएम ने संतोष टुडू के घर पर संख्या अंकित कर किया उद्घाटन

लखीसराय(सरफराज आलम)जिले में जनगणना कार्य का शनिवार को विधिवत शुभारंभ कर दिया गया। जिला पदाधिकारी-सह-प्रधान जिला जनगणना अधिकारी शैलेंद्र कुमार ने सूर्यगढ़ा प्रखंड के सुदूर क्षेत्र स्थित मदनपुर पंचायत अंतर्गत बिशनपुर के टाली कोड़ासी अनुसूचित जनजाति टोला में संतोष टुडू के घर पर संख्या अंकित कर एवं उनसे जनगणना संबंधी जानकारी लेकर कार्य का शुभारंभ किया।इसी क्रम में उप विकास आयुक्त सुमित कुमार ने सुखदेव हेंब्रम के घर पर तथा अपर समाहर्ता-सह-अपर जिला जनगणना पदाधिकारी नीरज कुमार ने अजय मरांडी के घर पर संख्या अंकित कर जनगणना कार्य की शुरुआत की।

शुभारंभ के बाद डीएम ने समीप स्थित ताली स्थल का निरीक्षण किया, जहां पहाड़ की तलहटी से निकलने वाले जल का उपयोग ग्रामीण पेयजल एवं स्नान के लिए करते हैं। उन्होंने स्थल पर साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए।

इस दौरान डीएम ने आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचकर बच्चों के बीच पोशाक एवं मिठाई का वितरण किया और बच्चों से स्नेहपूर्वक बातचीत की। वहीं प्राथमिक विद्यालय बिशनपुर टाली कोड़ासी के विद्यार्थियों से मिलकर उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया तथा उनकी पढ़ाई की स्थिति की जानकारी ली।

डीएम ने मदनपुर, श्रीकृष्णा और बरियारपुर क्षेत्र के परगणकों एवं पर्यवेक्षकों को निर्देश दिया कि वे घर-घर जाकर सही तरीके से आंकड़ा संग्रह सुनिश्चित करें। मौके पर ग्रामीणों एवं महिलाओं ने भी अपनी समस्याएं रखीं, जिनके समाधान के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया गया।

इस अवसर पर जिला योजना पदाधिकारी आशुतोष कुमार, सूर्यगढ़ा प्रखंड प्रमुख खुशबू कुमारी, नोडल पदाधिकारी राधेश्याम, प्रखंड नोडल पदाधिकारी गौरव कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी मंजुल मनोहर मधुप, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी रीना कुमारी, प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी मुकेश कुमार शर्मा, श्याम कुमार एवं दीपक कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.