फरीदाबाद में विकास परियोजनाओं का शिलान्यास, कृष्णपाल गुर्जर का दावा—पश्चिम बंगाल में बीजेपी की बनेगी सरकार

  • रिपोर्ट- विनोद मित्तल

केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की जीत का बड़ा दावा करते हुए कहा कि नतीजों के बाद टीएमसी का प्रभाव खत्म हो जाएगा। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी पहले हाई कोर्ट में हारीं और अब उनकी अपील सुप्रीम कोर्ट से भी खारिज हो चुकी है।

गुर्जर आज फरीदाबाद के गांव मच्छर में विकास कार्यों का शिलान्यास करने पहुंचे थे। इस दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि फरीदाबाद जल्द ही कनेक्टिविटी का बड़ा गेटवे बनने जा रहा है। उन्होंने बताया कि करीब 15,000 करोड़ रुपये की लागत से 64 किलोमीटर लंबी गुरुग्राम-फरीदाबाद-नोएडा आरआरटीएस मेट्रो परियोजना को हरियाणा सरकार ने मंजूरी दे दी है।

इसके अलावा सराय काले खां तक फरीदाबाद की सीधी कनेक्टिविटी की योजना पर भी काम हो रहा है। दिल्ली के आश्रम से फरीदाबाद के बीच रेड लाइट फ्री कॉरिडोर को भी मंजूरी मिल चुकी है, जो करीब 800 करोड़ रुपये की लागत से तैयार होगा। इस परियोजना के पूरा होने के बाद आश्रम से फरीदाबाद की दूरी महज 10 मिनट में तय की जा सकेगी।

उन्होंने दिल्ली-आगरा, केएमपी, दिल्ली-मुंबई-बड़ोदरा कॉरिडोर और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर एयरपोर्ट) को जोड़ने वाले ग्रीन हाईवे का जिक्र करते हुए कहा कि फरीदाबाद से देश के विभिन्न हिस्सों तक आसान पहुंच सुनिश्चित होगी।

गांव मच्छर में विकास कार्यों की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि 115 करोड़ रुपये की लागत से 24 गांवों में सड़क, गलियां और नालियों के निर्माण को मंजूरी मिल चुकी है, जिन पर जल्द काम शुरू होगा। वहीं मच्छर गांव में भी करीब 350 करोड़ रुपये की लागत से कई विकास कार्य कराए जाएंगे। इसके साथ ही करीब 600 करोड़ रुपये की लागत से 24 गांव और 81 कॉलोनियों में सीवर लाइन बिछाने की योजना भी स्वीकृत की गई है।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.