8.5 लाख के गांजे पर चन्दौली पुलिस का ‘सर्जिकल स्ट्राइक’: बाइक से सप्लाई का खेल खत्म, 32 किलो नशा जब्त—2 तस्कर दबोचे!

  • रिपोर्ट- पंकज झा

वाराणसी। चन्दौली में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संगठित नेटवर्क पर करारा प्रहार किया है। चन्दौली के नौगढ़ थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए कौवाघाट पुल के पास से 32.100 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद कर दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 8.5 लाख रुपये बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल से गांजे की खेप ले जा रहे थे। घेराबंदी कर जैसे ही पुलिस ने उन्हें रोका, दोनों को मौके से दबोच लिया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान मुलायम यादव (निवासी भभुआ, बिहार) और बलवन्त यादव उर्फ गुल्लू यादव (निवासी चन्दौली) के रूप में हुई है।

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे आपस में रिश्तेदार हैं और बिहार से सस्ते दाम पर गांजा खरीदकर चन्दौली, मीरजापुर और सोनभद्र जिलों में छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर बेचते थे। इसी अवैध कारोबार से वे अपनी जीविका चलाते थे।

इस मामले में थाना नौगढ़ पर NDPS Act की धाराओं 8/20/60 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।

इस सफल कार्रवाई में नौगढ़ थाना पुलिस टीम की अहम भूमिका रही, जिसने सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से नशे के इस बड़े जाल को तोड़ने में सफलता हासिल की। यह ऑपरेशन साफ संकेत देता है कि चन्दौली पुलिस मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चला रही है और ऐसे तस्करों के लिए अब कोई राहत नहीं है।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.