प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना: युवाओं को मिलेगा सुनहरा अवसर, 8 मई तक करें आवेदन

ऐलनाबाद,सिरसा, 28 अप्रैल(एम पी भार्गव): भारत सरकार द्वारा युवाओं के कौशल विकास को लेकर प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना चलाई जा रही है। इस योजना का उद्देश्य देशभर के एक करोड़ युवाओं को 500 कंपनियों में आगामी पांच वर्षों के दौरान इंटर्नशिप का अवसर प्रदान करना है।
योजना के तीसरे चरण के तहत मार्च 2026 से दिसंबर 2026 तक एक लाख 10 हजार इंटर्नशिप प्रदान करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस योजना में 18 से 25 वर्ष आयु वर्ग के बेरोजगार युवाओं (10वीं, 12वीं, आईटीआई, डिप्लोमा व स्नातक) को मल्टीनेशनल कंपनियों के विभिन्न क्षेत्रों में इंटर्नशिप करने का सुनहरा मौका मिलेगा। योजना में भाग लेने के लिए पात्रता शर्तों के अनुसार आवेदक नियमित पढ़ाई नहीं कर रहा हो, उसने पहले कोई अप्रेंटिसशिप प्रशिक्षण न लिया हो, परिवार की वार्षिक आय 12 लाख रुपये से अधिक न हो तथा परिवार का कोई सदस्य सरकारी कर्मचारी न हो।
चयनित युवाओं को इंटर्नशिप के दौरान प्रति माह 9,000 रुपये का भत्ता दिया जाएगा। इंटर्नशिप की अवधि 6 से 9 माह तक होगी। इसके अलावा, एकमुश्त 6,000 रुपये आकस्मिक खर्च के रूप में भी प्रदान किए जाएंगे। योजना से संबंधित अधिक जानकारी के लिए युवा www.pminternship.mca.gov.in पर विजिट कर अपना पंजीकरण कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त, इच्छुक युवा राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, सिरसा में किसी भी कार्यदिवस पर पहुंचकर नि:शुल्क पंजीकरण करवा सकते हैं। आवेदन करने की अंतिम तिथि 8 मई निर्धारित की गई है। इच्छुक युवा समय रहते आवेदन कर इस अवसर का लाभ उठाएं।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.