फरीदाबाद में अतिक्रमण पर चला बुलडोजर, ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने को निगम-ट्रैफिक पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
- रिपोर्ट- विनोद मित्तल
फरीदाबाद में बढ़ती ट्रैफिक समस्या से निजात दिलाने के लिए ट्रैफिक पुलिस और नगर निगम ने संयुक्त अभियान चलाते हुए अवैध अतिक्रमणों पर सख्त कार्रवाई की। इस अभियान के तहत शहर के सबसे व्यस्त इलाकों में शामिल एनआईटी एक नंबर मार्केट और मॉल ऑफ फरीदाबाद के आसपास बुलडोजर चलाकर अतिक्रमण हटवाया गया।
कार्रवाई के दौरान एनआईटी-1 मार्केट में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब नगर निगम की टीम भारी पुलिस बल के साथ अचानक मौके पर पहुंची। टीम को देखते ही दुकानदारों में हड़कंप मच गया और वे आनन-फानन में अपना सामान समेटने लगे। हालांकि, निगम अधिकारियों ने सख्ती दिखाते हुए फुटपाथ पर लगाए गए टेबल, लोहे के ट्रंक, लकड़ी के बक्से समेत अन्य सामान को बुलडोजर से हटवा दिया।
इसके बाद टीम मॉल ऑफ फरीदाबाद के सामने भी पहुंची, जहां सड़क किनारे लगने वाली रेहड़ियों और फूड स्टॉल्स को हटाया गया। इस कार्रवाई से सड़क किनारे फैले अतिक्रमण को साफ किया गया, जिससे यातायात को सुचारु बनाने में मदद मिलेगी।
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई ट्रैफिक पुलिस की शिकायतों और चिन्हित स्थानों के आधार पर की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाने का अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सके।
