पतंजलि योग परिवार की बैठक संपन्न, सहयोग शिक्षक शिविर का निर्णय, वैशाखी व बाबा साहब अंबेडकर जयंती मनाई गई

ऐलनाबाद, 15 अप्रैल (डॉ एम पी भार्गव): पतंजलि योग परिवार ऐलनाबाद के तत्वावधान में सनातन धर्मशाला में सह- राज्य प्रभारी एवं मुख्य योग शिक्षक हेमराज सपरा की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में संगठन के पदाधिकारियों, योग शिक्षकों एवं सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य योग के प्रचार-प्रसार, स्वास्थ्य जागरूकता, संगठन को मजबूत बनाने तथा समाज सेवा के कार्यों को गति देने को लेकर विचार-विमर्श करना रहा।

बैठक के दौरान योग को जन-जन तक पहुंचाने, युवाओं को नशामुक्ति की ओर प्रेरित करने, महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित योग शिविर आयोजित करने पर विशेष चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में योग केवल व्यायाम नहीं बल्कि स्वस्थ, संतुलित और अनुशासित जीवन जीने की एक श्रेष्ठ पद्धति है, जिसे हर व्यक्ति को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए।बैठक में सर्वसम्मति से सहयोग शिक्षक शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया गया।

इस शिविर का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को योग, प्राणायाम, प्राकृतिक चिकित्सा तथा स्वस्थ जीवनशैली से जोड़ना रहेगा। साथ ही नए योग शिक्षकों को प्रशिक्षण देकर समाज सेवा के कार्यों में सक्रिय भागीदारी के लिए तैयार किया जाएगा, ताकि समाज के प्रत्येक वर्ग तक योग का लाभ पहुंच सके।इस अवसर पर वैशाखी पर्व तथा भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती भी श्रद्धा, सम्मान और उत्साह के साथ मनाई गई। उपस्थित सदस्यों ने वैशाखी पर्व को नई फसल, खुशहाली, परिश्रम और समृद्धि का प्रतीक बताते हुए सभी को शुभकामनाएं दीं।

वहीं बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के संघर्षमय जीवन, शिक्षा के प्रति समर्पण, सामाजिक न्याय, समानता और भारतीय संविधान निर्माण में उनके महान योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। सभी सदस्यों ने उनके विचारों को अपनाने तथा समाज में भाईचारे और समानता का संदेश फैलाने का संकल्प लिया।
बैठक में महिला संरक्षक नीरज कटारिया, ग्रामीण प्रभारी माता छिंदर कौर, महिला तहसील प्रभारी गीता बेनीवाल, योग शिक्षिका नीतू वारया,अमनदीप कौर, संगठन मंत्री डॉ. राजगोपाल बेनीवाल, महामंत्री राजेंद्र प्रसाद, वरिष्ठ समाजसेवी श्यामलाल जिंदल,योग शिक्षक भीम कानसारिया, अनिल सचदेवा, हुकुम सिंह, विजय गर्ग, मोनिका गर्ग, किरण शर्मा, मीनाक्षी कंसारिया, इंदू बंसल, संतो देवी, मंजू गर्ग सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने संकल्प लिया कि पतंजलि योग परिवार आने वाले समय में अधिक से अधिक जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित करेगा तथा योग, स्वास्थ्य और संस्कारों के माध्यम से समाज को नई दिशा देने का कार्य निरंतर जारी रखेगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.