एटा सीआईएसएफ यूनिट जेटीपीपी मलावन, एटा में 14 अप्रैल 2026 को अग्निशमन सेवा दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय अग्निशमन सेवा सप्ताह 2026 का शुभारंभ उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा आपातकालीन तैयारियों को सुदृढ़ करना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्री प्रेम धवन, सीजीएम जेटीपीपी मलावन उपस्थित रहे। इस अवसर पर डिप्टी कमांडेंट श्री जसवीर सिंह, सीआईएसएफ जेटीपीपी मलावन, महाप्रबंधकगण, अधीक्षण अभियंता, अधिशासी अभियंता, एसएचओ मलावन सहित अन्य गणमान्य अतिथि, आमंत्रित अधिकारी एवं सीआईएसएफ कर्मी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सीआईएसएफ कर्मी एवं जेटीपीपी कार्मिकों के परिवारजन भी बड़ी संख्या में शामिल हुए।
सभा का स्वागत करते हुए सहायक कमांडेंट सीआईएसएफ जेटीपीपी मलावन, श्री अखिलेश चंद्र मिश्रा ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया तथा अग्निशमन सेवा सप्ताह के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने, समन्वय मजबूत करने तथा प्रभावी आपातकालीन प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस वर्ष राष्ट्रीय अग्निशमन सेवा सप्ताह 2026 की थीम — “सुरक्षित विद्यालय, सुरक्षित अस्पताल एवं अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक समाज – आग की रोकथाम के लिए एक साथ” — पर विशेष जोर दिया गया। इस थीम के माध्यम से विद्यालयों, अस्पतालों तथा समाज के विभिन्न वर्गों में अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और सामूहिक प्रयासों से आग की घटनाओं की रोकथाम पर बल दिया गया।
मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम, समयबद्ध प्रतिक्रिया तथा कर्मचारियों एवं आमजन में जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने सुरक्षा मानकों को बनाए रखने एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने हेतु सीआईएसएफ के प्रयासों की सराहना की।
राष्ट्रीय अग्निशमन सेवा सप्ताह के दौरान 14 से 20 अप्रैल 2026 तक विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम, मॉक ड्रिल, प्रदर्शन एवं सुरक्षा संवाद आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम का समापन सभी उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा अग्नि सुरक्षा नियमों का पालन करने तथा सुरक्षित वातावरण निर्माण हेतु संकल्प के साथ हुआ।
