सहसवान में कन्या जन्मोत्सव का आयोजन, महिला व बाल सुरक्षा योजनाओं की दी गई जानकारी

सहसवान। ब्लॉक प्रमुख कीर्ति सिंह की अध्यक्षता में ब्लॉक बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहसवान में कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देना रहा।

इस दौरान थाना सहसवान की बाल कल्याण अधिकारी एवं पुलिस टीम द्वारा साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 की विस्तृत जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में जिला मिशन समन्वयक (हब फॉर इम्पावरमेंट ऑफ वूमेन) छवि वैश्य ने महिला कल्याण विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित योजनाओं जैसे मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, पुनर्विवाह दंपति पुरस्कार, दहेज पीड़ित महिलाओं को कानूनी सहायता एवं आर्थिक सहायता, रानी लक्ष्मीबाई महिला एवं बाल सम्मान कोष, स्पॉन्सरशिप आदि योजनाओं की जानकारी दी।

साथ ही बाल श्रम, बाल संरक्षण और महिला सुरक्षा से संबंधित विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने बताया कि 14 वर्ष से कम आयु के बच्चों से श्रम कराना दंडनीय अपराध है और इसके विरुद्ध ग्राम स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है।

कार्यक्रम में विभिन्न हेल्पलाइन नंबर जैसे 112, 1090, 181, 102, 108 और 1098 की जानकारी भी दी गई। चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के केस वर्कर पुरुषोत्तम शर्मा ने बताया कि किसी भी बच्चे को समस्या होने पर इस नंबर पर कॉल कर सहायता प्राप्त की जा सकती है।

बाल विवाह निषेध अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जानकारी देते हुए बाल विवाह के दुष्परिणामों और नशे के दुष्प्रभावों पर भी प्रकाश डाला गया।

सहायक विकास अधिकारी जितेंद्र कुमार ने ब्लॉक एवं ग्राम बाल संरक्षण समितियों की भूमिका पर जानकारी देते हुए कहा कि ग्राम स्तर पर नियमित बैठकें कर योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र लोगों तक पहुंचाया जाए।

कार्यक्रम के दौरान ब्लॉक प्रमुख कीर्ति सिंह ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में नवजात शिशुओं को बेबी किट भेंट कर शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रशांत त्यागी, महिला हेल्पलाइन कर्मी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सचिव एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.