दिव्या युवा मंच का 5वां अंतरराष्ट्रीय युवा विकास सम्मेलन सम्पन्न, सम्मेलन में 5 देशों व 20 राज्यों के 100 समाजसेवी हुए शामिल

ऐलनाबाद, 7 अप्रैल ( डॉ एम पी भार्गव विशेष संवाददाता ) अंतरराष्ट्रीय सामाजिक संस्था दिव्या युवा मंच द्वारा ऐलनाबाद के वार्ड 9 की श्री श्याम हवेली में आयोजित 5वां अंतरराष्ट्रीय युवा विकास सम्मेलन सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। यह जानकारी देते हुए दिव्या युवा मंच के संस्थापक व इंटरनेशनल अवॉर्डी सुभाष चौहान ने बताया कि यह भव्य कार्यक्रम युवा सशक्तिकरण और अंतरराष्ट्रीय सहयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था। इस सम्मेलन में भारत के 20 राज्यों व दुनिया के 5 देशों‌ के लगभग 100 युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, शिक्षाविदों और विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधियों ने भागीदारी की। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को एक वैश्विक मंच प्रदान करना था जहां उन्होंने अपने विचार साझा किए और सामाजिक विकास, शांति तथा अंतरराष्ट्रीय सहयोग की दिशा में मिलकर कार्य करने की शपथ ली। सुभाष चौहान ने बताया कि कार्यक्रम के पहले दिन शाम को ऐलनाबाद शहर के चौधरी देवीलाल चौक से लेकर गांधी चौक तक विश्व शांति के लिए पैदल यात्रा निकाली गई जिसे भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता अमीरचंद मेहता ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। गांधी चौक पर पहुंचकर सभी ने महात्मा गांधी जी के चरणों में उसे पुष्प अर्पित किये और विश्व शांति की कामना की। स्थानीय ब्रह्माकुमारी आश्रम की ओर से सभी प्रतिभागियों को ब्रह्म भोज करवाया गया। यहां ब्रह्माकुमारी बहन कमलेश और ब्रह्माकुमारी बहन रेखा ने सभी प्रतिभागियों का स्वागत किया।
अगले दिन सुबह 6 बजे नशा मुक्ति अभियान को बढ़ावा देने के लिए नशे के खिलाफ शहर के पंचमुखी चौक से अंबेडकर चौक तक वैश्विक साइकिल यात्रा निकाली गई। जिसमें कई संस्थाओं के लोगों ने भाग लिया। शहर की श्री श्याम हवेली में दिन भर अंतरराष्ट्रीय युवा विकास सम्मेलन आयोजित किया गया जिसमें सभी वक्ताओं ने अपने विचार रखें। कार्यक्रम में ऐलनाबाद के विधायक भरत सिंह बेनीवाल के बेटे सुमित बेनीवाल व इंडियन नेशनल लोकदल के हलकाध्यक्ष होशियार सिंह खोड ने उपस्थित होकर महिलाओं को उनके साहस, नेतृत्व और समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए “वीरांगना अवार्ड” प्रदान किया। यह सम्मान महिलाओं को प्रेरित करने और उनकी उपलब्धियों को वैश्विक मंच पर पहचान दिलाने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है।
सम्मेलन में भाग लेने वाले प्रत्येक प्रतिभागी को आयोजक संस्था की ओर से टी-शर्ट, बैग, डायरी, सर्टिफिकेट व स्मृति चिन्ह दिया गया। कार्यक्रम के अंतिम दिन सुबह 6 बजे स्थानीय हनुमानगढ़ रोड पर स्थित योग साधना मंदिर में सैकड़ो योगसाधकों ने सभी प्रतिभागियों का भव्य स्वागत किया जिससे सभी प्रतिभागी गदगद हो उठे। यहां पहुंचने पर योग साधना मंदिर की योग गुरु मंजू धानुका ने उन्हें योगासन करवाए। बाद में देश विदेश के सभी प्रतिभागियों ने मिलकर योग साधना केंद्र में पौधारोपण किया‌ और सभी‌ लोगों से पर्यावरण संरक्षण में सहयोग देने की अपील की। बाद में सभी प्रतिभागियों को आसपास के 2-3 स्थलों का भ्रमण भी करवाया गया। शहर की सिरसा रोड पर स्थित हरप्रभ आश्रम में पहुंचने पर संचालक वीर जसविंदर सिंह ने सभी का स्वागत किया और यहां रह रहे लोगों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। आश्रम का दौरा करने पर विक्षिप्त और मंदबुद्धि महिलाओं व पुरुषों की दीन हीन अवस्था देखकर कई प्रतिभागी भावुक हो उठे। आश्रम की ओर से सभी भक्त भाइयों को भोजन करवाया गया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.