काउंटर इंटेलिजेंस पंजाब की बड़ी सफलता, ISI समर्थित आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़
तीन आरोपी गिरफ्तार, 2 हैंड ग्रेनेड और विदेशी ग्लॉक पिस्तौल बरामदगुजरात ATS के साथ संयुक्त कार्रवाई, अहमदाबाद से एक आरोपी काबूकई राज्यों में पुलिस ठिकानों को निशाना बनाने की साजिश नाकाम
काउंटर इंटेलिजेंस, पंजाब ने बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए पीआईओ द्वारा संचालित एक ISI समर्थित आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई के दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और उनके कब्जे से 2 हैंड ग्रेनेड के साथ एक विदेशी ग्लॉक पिस्तौल बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई गुजरात एटीएस के साथ तालमेल में की गई, जिसके तहत अहमदाबाद से एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह मॉड्यूल सुनियोजित तरीके से विभिन्न राज्यों में पुलिस संस्थानों को निशाना बनाने की साजिश रच रहा था, जिसे समय रहते नाकाम कर दिया गया।
इस संबंध में अमृतसर स्थित स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (SSOC) थाने में विस्फोटक पदार्थ अधिनियम और आर्म्स एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस का कहना है कि इस मॉड्यूल से जुड़े अन्य सदस्यों की पहचान कर उन्हें पकड़ने के लिए लगातार छापेमारी और जांच अभियान जारी है।
पंजाब पुलिस ने स्पष्ट किया है कि राज्य में संगठित अपराध और आतंकवादी गतिविधियों को खत्म करने के लिए वह पूरी तरह प्रतिबद्ध है और आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
