एलपीजी आपूर्ति को लेकर लखीसराय प्रशासन अलर्ट, कालाबाजारी रोकने के लिए विशेष टीम गठित

लखीसराय। मध्य पूर्व में जारी युद्ध के चलते एलपीजी गैस आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए सख्त कदम उठाए हैं। गैस एजेंसियों पर संभावित भीड़ और कालाबाजारी को रोकने के लिए प्रशासन ने विशेष निगरानी व्यवस्था लागू की है।

प्रशासन द्वारा सभी प्रखंडों में प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी और संबंधित थानाध्यक्ष की त्रिसदस्यीय टीम गठित की गई है, जो लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर कालाबाजारी पर नजर रखेगी। 4 अप्रैल 2026 को इस अभियान के तहत एक निरीक्षण भी किया गया।

सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे नियमित रूप से छापेमारी करें, रिपोर्ट जिला पदाधिकारी को भेजें और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए गिरफ्तारी सुनिश्चित करें। साथ ही, एलपीजी वितरकों को चेतावनी दी गई है कि जमाखोरी या कालाबाजारी पाए जाने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

जनता की शिकायतों के निस्तारण के लिए समाहरणालय लखीसराय में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जिसका हेल्पलाइन नंबर 06346-232952 जारी किया गया है।

जिले में वर्तमान में 16 गैस एजेंसियां संचालित हैं और 4279 गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं। इसके अलावा बड़हिया नगर परिषद और लखीसराय नगर परिषद क्षेत्र में Indian Oil Corporation Limited द्वारा पाइप नेचुरल गैस (PNG) की आपूर्ति भी की जा रही है। जिन परिवारों ने अभी तक PNG कनेक्शन नहीं लिया है, वे निर्धारित मोबाइल नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।

जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि गैस की कोई कमी नहीं है, इसलिए घबराने या अनावश्यक भीड़ लगाने से बचें। आवश्यकतानुसार ही गैस सिलेंडर प्राप्त करें। साथ ही बताया गया कि घरेलू उपभोक्ता अंतिम डिलीवरी के 25 दिन बाद ही नया सिलेंडर बुक कर सकते हैं और बुकिंग के 2-3 दिनों के भीतर आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.