गाजियाबाद। मुरादनगर क्षेत्र में अवैध निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जीडीए (गाजियाबाद विकास प्राधिकरण) ने 3600 वर्ग मीटर में विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी पर ध्वस्तीकरण अभियान चलाया। यह कार्रवाई उपाध्यक्ष के अवैध निर्माण एवं कॉलोनियों के खिलाफ सख्त निर्देशों के क्रम में की गई।
दिनांक 02 अप्रैल 2026 को प्रभारी प्रवर्तन जोन-02 के नेतृत्व में टीम ने ग्राम सरना, मुरादनगर स्थित खसरा संख्या 602, 603 और 605 पर कार्रवाई की। यहां शहजाद मलिक, सलीम मलिक, शरद सिंघल पुत्र मुकेश सिंघल एवं अन्य संबंधित व्यक्तियों द्वारा लगभग दो फीट ऊंचाई तक चिनाई कर प्लॉटिंग की जा रही थी।
जांच के दौरान स्थल पर कोई स्वीकृत मानचित्र प्रस्तुत नहीं किया गया, जिसके बाद इसे अवैध निर्माण मानते हुए जीडीए टीम ने तत्काल ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू कर दी। इस दौरान कॉलोनाइजर द्वारा बनाई गई सड़क, बाउंड्री वॉल और साइट ऑफिस को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया।
कार्रवाई के दौरान निर्माणकर्ताओं की ओर से विरोध भी किया गया, लेकिन पुलिस बल और प्राधिकरण की प्रवर्तन टीम ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए अभियान को सफलतापूर्वक पूरा किया।
इस अभियान के दौरान सहायक अभियंता, अवर अभियंता, प्रवर्तन जोन-2 का स्टाफ, प्राधिकरण पुलिस बल एवं प्रवर्तन दस्ता मौके पर मौजूद रहा।
प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी अवैध निर्माण और कॉलोनियों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
