बकाया मानदेय को लेकर आशा व आशा संगिनी का CHC सोरों पर प्रदर्शन, भुगतान न होने पर कार्य बहिष्कार की चेतावनी

  • रिपोर्ट- हरिशचंद्र

सोरों (कासगंज)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) सोरों पर गुरुवार को आशा और आशा संगिनी कार्यकर्ताओं ने अपने बकाया मानदेय के भुगतान की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने चार सूत्रीय मांगों को लेकर नारेबाजी की और आरोप लगाया कि कई महीनों से उनका भुगतान लंबित है, जिससे उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
आशा व आशा संगिनी कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी के नाम संबोधित ज्ञापन अतिरिक्त उपजिलाधिकारी मोहम्मद नासिर को सौंपते हुए बताया कि वित्तीय वर्ष 2024–25 तथा 2025–26 के कई महीनों का मानदेय अब तक नहीं मिला है। कार्यकर्ताओं के अनुसार पल्स पोलियो अभियान 2024–25 व 2025–26 का भुगतान, आशा संगिनी का 1200 रुपये मासिक मानदेय, कुष्ठ रोग सर्वे की मासिक राशि, डिलीवरी कार्य, टीकाकरण, संचारी रोग अभियान, आभा आईडी, टीबी से संबंधित कार्य तथा तीन माह का मंथली भुगतान अभी तक बकाया है।
प्रदर्शन कर रही आशा कार्यकर्ताओं ने कहा कि वे लगातार स्वास्थ्य विभाग की महत्वपूर्ण योजनाओं को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं, लेकिन समय पर भुगतान न मिलने से उनके सामने परिवार के भरण-पोषण की समस्या खड़ी हो गई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही बकाया मानदेय का भुगतान नहीं किया गया तो वे फील्ड कार्य का बहिष्कार कर सकती हैं, जिससे स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित होने की संभावना है।
वहीं बीपीएम सोरों द्वारा सभी आशा व आशा संगिनी को समझाया गया कि जिन भुगतानों में देरी हुई है, उन्हें शीघ्र निस्तारित कराया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं को सुचारू रूप से संचालित करते रहने की अपील करते हुए भरोसा दिलाया कि सभी लंबित भुगतान जल्द कराए जाएंगे।
इस दौरान अनीता चौधरी, रीता शर्मा, आशा देवी, अनुराधा, शशि यादव, सुशीला देवी, वीरवती, भूदेवी, मुनीषा देवी, प्रियंका शर्मा, गीता देवी, कलावती, गंगा देवी, मीना देवी सहित समस्त आशा व आशा संगिनी कार्यकर्ता मौजूद रहीं।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.