केन्द्रीय विद्यालय लखीसराय में एडमिशन प्रक्रिया शुरू, 13 अप्रैल को जारी होगी चयन सूची

डीएम मिथिलेश मिश्र ने विद्यालय का लिया जायजा

केन्द्रीय विद्यालय, लखीसराय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 हेतु कक्षा 2 से 9 तक नामांकन प्रक्रिया प्रारंभ की जा रही है। विद्यालय प्रशासन द्वारा जारी सूचना के अनुसार नामांकन पूरी तरह ऑफलाइन माध्यम से संपन्न किया जाएगा।प्राप्त जानकारी के अनुसार नामांकन हेतु आवेदन प्रक्रिया 02 अप्रैल 2026 से शुरू होकर 08 अप्रैल 2026 तक चलेगी। इच्छुक अभिभावक अपने बच्चों के नामांकन के लिए निर्धारित अवधि में प्रतिदिन सुबह 09:00 बजे से दोपहर 02:00 बजे तक विद्यालय परिसर में संपर्क कर सकते हैं। इस दौरान नामांकन से संबंधित आवश्यक जानकारी एवं दिशा-निर्देश उपलब्ध कराए जाएंगे।

विद्यालय प्रशासन के अनुसार कक्षा 2, 3, 4, 5, 6 एवं 9 में सीमित सीटें उपलब्ध हैं तथा अभ्यर्थियों का चयन निर्धारित मापदंडों के आधार पर किया जाएगा। आवेदन पत्र जमा होने के बाद आवश्यक जांच एवं सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

नामांकन प्रक्रिया के उपरांत चयनित विद्यार्थियों की सूची 13 अप्रैल 2026 को विद्यालय परिसर में प्रकाशित की जाएगी। चयन सूची जारी होने के बाद अभिभावकों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर आगे की नामांकन प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

विद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नामांकन फॉर्म निःशुल्क है तथा पूरी प्रक्रिया पारदर्शी एवं नियमों के अनुरूप संचालित की जाएगी। अभिभावकों से अपील की गई है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक सूचना पर ही भरोसा करें।
विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष-सह-जिला पदाधिकारी, लखीसराय मिथलेश मिश्र द्वारा अभिभावकों से निर्धारित तिथि एवं समय का पालन करते हुए आवश्यक दस्तावेजों के साथ समय पर उपस्थित होने की अपील की गई है।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.