पश्चिम एशिया संकट के बीच लखीसराय अलर्ट,LPG सप्लाई पर कड़ी निगरानी

लखीसराय(सरफराज आलम)पश्चिम एशिया में उत्पन्न हालात को देखते हुए जिले में रसोई गैस आपूर्ति को लेकर प्रशासन सतर्क हो गया है। बुधवार को राजीव रौशन,सचिव उच्च शिक्षा विभाग, बिहार सह प्रभारी सचिव लखीसराय की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें गैस आपूर्ति से जुड़े सभी पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले में कुल 16 गैस एजेंसियां कार्यरत हैं, जिनमें IOCL की 8, BPCL की 5 और HPCL की 3 एजेंसियां शामिल हैं। दैनिक औसत बुकिंग लगभग 800 है, जबकि 31 मार्च 2026 को कुल 11,678 बुकिंग दर्ज की गई। उपलब्ध स्टॉक 6,158 था और 5,520 का बैकलॉग सामने आया।

बैठक के बाद प्रशासन ने निर्देश दिया कि पिछले एक वर्ष के गैस बुकिंग का औसत डेटा संकलित किया जाए, ताकि मांग और आपूर्ति की सही स्थिति का आकलन किया जा सके। साथ ही शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में गैस वितरण को लेकर विभागीय निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को कहा गया।

जिला स्तर पर गठित धावा दल को निर्देश दिया गया कि वे गोदामों का नियमित निरीक्षण करें और स्टॉक का भौतिक सत्यापन अनिवार्य रूप से करें। निरीक्षण के दौरान यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया कि गोदामों में सुरक्षा मानकों का पालन हो, सिलेंडरों का सही रख-रखाव किया जा रहा हो और पर्याप्त अग्निशमन यंत्र उपलब्ध हों।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि सरकारी संस्थानों में PNG कनेक्शन को बढ़ावा दिया जाए, जिससे LPG सिलेंडरों पर दबाव कम हो सके। इसके लिए नगर परिषद के वार्ड आयुक्तों की बैठक बुलाकर जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया गया।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जिले में गैस की कोई कमी नहीं है और आम लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। साथ ही निर्देश दिया गया कि प्रेस के माध्यम से प्रतिदिन सही जानकारी साझा की जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर रोक लगाई जा सके।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.