विकास भवन में 406 आंगनबाड़ी सहायिकाओं को मिले नियुक्ति पत्र, 350 कार्यकत्रियों को बांटे गए स्मार्टफोन
- लोक भवन, लखनऊ के कार्यक्रम का हुआ सजीव प्रसारण - नव-नियुक्त सहायिकाओं ने साझा कीं अपनी चुनौतियां और खुशी
रामपुर। जनपद रामपुर के विकास भवन सभागार में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को स्मार्टफोन व नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान लखनऊ के लोक भवन से आयोजित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी किया गया, जिसे नव-नियुक्त सदस्यों और अधिकारियों ने सुना।
वितरित हुए नियुक्ति पत्र और स्मार्टफोन
कार्यक्रम के दौरान रामपुर जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी द्वारा जनपद की 406 चयनित आंगनबाड़ी सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे गए। इसके साथ ही 350 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को कार्यों के निष्पादन में तकनीकी सुविधा के लिए स्मार्टफोन प्रदान किए गए। जिलाधिकारी ने चयनित सहायिकाओं को शुभकामनाएं देते हुए बताया कि स्मार्टफोन के माध्यम से डेटा फीडिंग में आसानी होगी। उन्होंने यह भी कहा कि इससे कार्यों का संचालन अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से किया जा सकेगा। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी गुलाब चन्द्र, जिला कार्यक्रम अधिकारी जितेन्द्र कुमार जायसवाल, समस्त सीडीपीओ और बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकत्री एवं सहायिकाएं उपस्थित रहीं।
नव-नियुक्त सहायिकाओं और कार्यकत्रियों का उत्साह व चुनौतियां
चमरौआ ब्लॉक व सदर तहसील के भईया नगला गांव की निवासी पूजा को सहायिका के पद पर नियुक्ति पत्र मिला है। पूजा ने बताया कि वह बेहद कमजोर आर्थिक पृष्ठभूमि से आती हैं, इसलिए यह नौकरी पाकर अपने पैरों पर खड़ी होने से उनका परिवार बेहद खुश है। पूजा ने अपने गांव की मुख्य चुनौतियों के रूप में जलभराव, आवागमन (सवारी) की कमी और बच्चों की पढ़ाई से जुड़ी समस्याओं को रेखांकित किया जिन्हें वह सुधारना चाहती हैं।
वहीं, चमरौआ ब्लॉक के भमरौआ गांव की रहने वाली शोभा को भी सहायिका के पद पर नियुक्ति पत्र मिला है, जो उनके लिए एक बड़ा अवसर है। शोभा का कहना है कि उनकी प्राथमिकता स्कूल न जाने वाले बच्चों को शिक्षा से जोड़ने तथा गर्भवती महिलाओं को समय पर पोषण आहार के प्रति जागरूक करने की रहेगी। ब्लॉक चमरौआ के बकैनिया गांव की अर्चना को भी नियुक्ति पत्र दिया गया है। अर्चना अपने क्षेत्र में गर्भवती महिलाओं को जागरूक करने और बच्चों व महिलाओं के टीकाकरण को अपनी सबसे बड़ी प्राथमिकता मानती हैं।
मुख्यमंत्री के सजीव प्रसारण से मिली प्रेरणा
मुख्यमंत्री के सजीव प्रसारण में पोषण, ऑनलाइन सिस्टम और आगे चलकर टेक्नोलॉजी के बढ़ने जैसी योजनाएं सुनकर कार्यकत्रियां काफी प्रेरित हुईं। शोभा ने बताया कि प्रसारण के दौरान गांवों के लोगों को जागरूक रखने और पोषण आहार के वितरण से जुड़ी महत्वपूर्ण बातें विस्तार से बताई गईं।
