- रिपोर्ट: मंजय वर्मा
मिर्जापुर। जनपद के सिरसी गहरवार गांव में एसडीएम सदर गुलाब चन्द्र ने एक अनोखी पहल करते हुए खुद खेत में उतरकर गेहूं की फसल काटी और किसानों को समय पर कटाई करने का संदेश दिया। उनकी इस पहल की क्षेत्र में व्यापक सराहना हो रही है।
एसडीएम सदर गुलाब चन्द्र ने अपनी सरल कार्यशैली और सक्रियता का परिचय देते हुए किसानों के बीच पहुंचकर न केवल फसल की कटाई की, बल्कि फसल की उत्पादकता का भी आकलन किया। इस दौरान उन्होंने किसानों से सीधे संवाद कर उन्हें जल्द से जल्द गेहूं की कटाई पूरी करने की सलाह दी, ताकि किसी भी संभावित नुकसान से बचा जा सके।
एसडीएम को खेत में फसल काटते देख बड़ी संख्या में किसान मौके पर जुट गए और उनकी इस पहल की सराहना की। किसानों का कहना है कि जनपद में पहली बार ऐसा अधिकारी देखने को मिला है, जो स्वयं मौके पर पहुंचकर किसानों की समस्याओं को समझता है और उनके समाधान का प्रयास करता है।
स्थानीय किसानों ने कहा कि गुलाब चन्द्र न केवल समय पर निर्णय लेते हैं, बल्कि पीड़ितों के बीच जाकर उनके हालात जानने और समस्याओं का निस्तारण करने में भी सक्रिय रहते हैं।
एसडीएम की इस पहल को जनपद भर में सराहा जा रहा है। लोग उनके सरल स्वभाव और जनहित में लिए गए निर्णयों की प्रशंसा कर रहे हैं।
