हरियाणा यूनियन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स की बैठक में अरुण भारद्वाज बने कार्यकारी जिलाध्यक्ष

सिरसा, 29 मार्च (एम.पी. भार्गव)। हरियाणा यूनियन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स की सिरसा इकाई की कोर कमेटी की बैठक हिसार रोड स्थित एक रेस्तरां में आयोजित की गई। बैठक में संगठन को मजबूत बनाने और भविष्य की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में सरदार बलजीत सिंह, दिनेश कौशिक, नवदीप सेतिया, अरुण भारद्वाज, संसार भूषण दिवाकर, महेश शर्मा, विजय व्यास, विनोद विक्टर, हरविंद्र सिंह, हीरा सिंह और युवराज सिंह सहित कई सदस्य उपस्थित रहे। जिलाध्यक्ष की व्यस्तता को देखते हुए कार्यकारी जिलाध्यक्ष के चयन पर विचार-विमर्श किया गया, जिसमें सर्वसम्मति से अरुण भारद्वाज को यह जिम्मेदारी सौंपी गई।

बैठक के दौरान यूनियन के विस्तार के लिए पूरे जिले में सदस्यता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। साथ ही यह भी तय किया गया कि केवल कार्यरत पत्रकारों और पत्रकारिता का अनुभव रखने वाले व्यक्तियों को ही सदस्य बनाया जाएगा। सदस्यों के पहचान पत्र जारी करने, हेल्थ पॉलिसी लागू करने और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी चर्चा की गई।

वरिष्ठ सदस्य सरदार बलजीत सिंह ने अरुण भारद्वाज को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई देते हुए कहा कि पिछले कुछ महीनों से संगठन की गतिविधियां ठप रही हैं, ऐसे में अब सक्रियता बढ़ाने और यूनियन हित में कार्यक्रम आयोजित करने की आवश्यकता है।

नवनियुक्त कार्यकारी जिलाध्यक्ष अरुण भारद्वाज ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे सभी को साथ लेकर संगठन को नई दिशा देने का प्रयास करेंगे। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में पत्रकारों के हित में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे तथा हर महीने प्रशासनिक अधिकारियों और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं के साथ संवाद बैठकें भी आयोजित की जाएंगी। इसके लिए उन्होंने सभी सदस्यों से सहयोग की अपील की।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.