नई दिल्ली: कॉफी दुनिया की सबसे लोकप्रिय पेय पदार्थों में से एक है। कई लोग दिन की शुरुआत कॉफी के साथ करते हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि सही मात्रा में कॉफी पीना आपकी सेहत के लिए फायदेमंद भी हो सकता है?
विशेषज्ञों के अनुसार, सीमित मात्रा में कॉफी का सेवन शरीर के कई अंगों पर सकारात्मक प्रभाव डालता है। AIIMS के गैस्ट्रोएंटरोलॉजिस्ट डॉ. सौरभ सेठी के मुताबिक, रोजाना कॉफी पीने से लीवर, दिमाग और पाचन तंत्र को लाभ मिल सकता है।
लीवर के लिए फायदेमंद
अध्ययनों में पाया गया है कि रोजाना 2-4 कप कॉफी पीने से फैटी लीवर, फाइब्रोसिस और सिरोसिस जैसी बीमारियों का खतरा कम हो सकता है। साथ ही यह लीवर एंजाइम्स में सुधार करती है और लीवर कैंसर के जोखिम को भी घटाने में मददगार मानी जाती है।
दिमाग को रखे एक्टिव
कॉफी में मौजूद कैफीन थकान को कम कर फोकस और सतर्कता बढ़ाता है। नियमित सेवन से अल्जाइमर और पार्किंसंस जैसी बीमारियों का खतरा कम हो सकता है। साथ ही यह मूड को बेहतर बनाकर डिप्रेशन के जोखिम को भी घटाने में सहायक हो सकती है।
पाचन तंत्र में सुधार
कॉफी आंतों की गतिविधि को बढ़ाती है, जिससे पाचन बेहतर होता है और कब्ज की समस्या में राहत मिल सकती है। यह गट हेल्थ को भी सुधारने में मदद करती है।
सावधानी भी जरूरी
हालांकि, अधिक मात्रा में कॉफी पीना नुकसानदायक हो सकता है। 4 कप से ज्यादा सेवन करने पर अनिद्रा, घबराहट और बेचैनी की समस्या हो सकती है। कुछ लोगों में इससे एसिडिटी और हार्टबर्न की समस्या भी बढ़ सकती है।
विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि कॉफी का सेवन सीमित मात्रा में करें, बेहतर होगा कि ब्लैक कॉफी या कम चीनी वाली कॉफी लें और इसे सुबह या दोपहर में पिएं, ताकि नींद पर असर न पड़े।
By Snigdha Srivastava (स्निग्धा श्रीवास्तव)
