सद्भाव यात्रा से कांग्रेस को मिल रही नई ऊर्जा: रानियां हल्के में बृजेंद्र सिंह का जोरदार स्वागत

ऐलनाबाद, मार्च (एम.पी. भार्गव): कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह के नेतृत्व में निकाली जा रही ‘सद्भाव यात्रा’ शुक्रवार को 174वें दिन रानियां हल्के में पहुंची, जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने उनका भव्य स्वागत किया।

बृजेंद्र सिंह ने यात्रा की शुरुआत गांव साहुवाला स्थित गुरुद्वारे में माथा टेककर की। इसके बाद यात्रा पंजुआना, शेखुपुरिया, फतेहपुरिया, जोधपुरिया होते हुए खारिया में संपन्न हुई।

साहुवाला में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए बृजेंद्र सिंह ने कहा कि इस यात्रा के माध्यम से भाईचारे, आपसी सहभागिता और कौमी एकता का संदेश लोगों तक पहुंचा है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस पहल से कांग्रेस पार्टी को नई दिशा और ऊर्जा मिली है तथा संगठन भी धीरे-धीरे मजबूत हो रहा है।

उन्होंने कहा कि अब पार्टी की गतिविधियां नेताओं के इर्द-गिर्द नहीं, बल्कि जनहित के मुद्दों—जैसे वोट चोरी और मनरेगा—पर आधारित हो रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि यात्रा की सफलता या असफलता नहीं होती, बल्कि इसका उद्देश्य उसे पूरा करना होता है, और वे अब इस सफर का लगभग तीन-चौथाई हिस्सा पूरा कर चुके हैं।

बृजेंद्र सिंह ने उम्मीद जताई कि यात्रा के अंतिम चरण में राहुल गांधी भी इसमें शामिल हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा से प्रेरित होकर ही यह अभियान प्रदेश में आगे बढ़ाया जा रहा है।

इस मौके पर जिलाध्यक्ष संतोष बेनीवाल, संदीप नेहरा, बीर सिंह दलाल, प्रो. रामचंदर लिंबा, एनएसयूआई जिला अध्यक्ष शुभम पुनिया, सहीराम सहारण, सुरेंद्र नैन, पाला राम, सरदार मलागर सिंह, सरदार हरबंस सिंह, चंद्रभान सिंह, सरदार जगतार सिंह, भगत जीत राम, सरदार बलकरण सिंह, सरदार बलवंत सिंह, रोहताश सिहाग, रामप्रताप पटवारी, जगदीश थ्योरी और मास्टर देशराज प्रजापति सहित कई लोग उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.