Adani Group ने Youth4Jobs के साथ मिलकर ‘ग्लोबल एबिलिटी फोटोग्राफी चैलेंज (GAPC) 2026’ के 5वें संस्करण की घोषणा की है। यह पहल Youth4Jobs की NotJustArt और अदाणी GreenXTalks के सहयोग से शुरू की गई है।
अहमदाबाद में आयोजित इस घोषणा के अनुसार, यह प्रतियोगिता दिव्यांगजनों के लिए भारत की सबसे बड़ी समावेशी फोटोग्राफी प्रतियोगिता मानी जाती है। यह वैश्विक स्तर पर आयोजित की जा रही है और इसमें भाग लेना पूरी तरह निःशुल्क है। खास बात यह है कि यह प्रतियोगिता केवल दिव्यांग प्रतिभागियों के लिए ही है।
पिछले चार संस्करणों में GAPC एक वैश्विक समावेशी मंच के रूप में तेजी से उभरा है। इस पहल ने अब तक 80 लाख से अधिक लोगों तक पहुंच बनाई, 50,000 से ज्यादा प्रतिभागियों को प्रेरित किया और 30 से अधिक देशों से एंट्रीज प्राप्त कीं। पिछले वर्ष इसकी प्रदर्शनी जापान और दुबई जैसे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी आयोजित की गई थी।
इस प्रतियोगिता के माध्यम से दिव्यांग फोटोग्राफर—चाहे वे शौकिया हों या पेशेवर—अपनी तस्वीरों के जरिए अपने अनुभव, दृष्टिकोण और जीवन की कहानियों को दुनिया के सामने रख सकेंगे। इसका मुख्य उद्देश्य इन कहानियों को मुख्यधारा में लाकर दिव्यांगता के प्रति समाज की सोच में सकारात्मक बदलाव लाना है।
Youth4Jobs फाउंडेशन की संस्थापक और सीईओ मीरा शेनॉय ने कहा कि यह मंच दर्शाता है कि अवसर मिलने पर दिव्यांगजन केवल भागीदारी ही नहीं करते, बल्कि अपनी अनूठी सोच और रचनात्मकता से नेतृत्व भी करते हैं।
वहीं, Adani Airports Holdings Limited के निदेशक जीत अदाणी ने कहा कि इस पहल के जरिए दिव्यांग प्रतिभाओं को वैश्विक मंच मिलेगा, जहां वे फोटोग्राफी जैसी रचनात्मक कला में अपनी क्षमता का प्रदर्शन कर सकेंगे।
पुरस्कार और सम्मान
प्रतियोगिता में विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार और वैश्विक पहचान के अवसर दिए जाएंगे—
प्रथम पुरस्कार: ₹5,00,000
द्वितीय पुरस्कार: ₹3,00,000
तृतीय पुरस्कार: ₹2,00,000
चौथा से 10वां पुरस्कार: ₹1,00,000 प्रत्येक
इसके अलावा, शीर्ष 20 एंट्रीज को विशेष प्रदर्शनी में प्रदर्शित किया जाएगा। पहले 10 विजेताओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्ध प्रोडक्ट डिजाइनर माइकल फोली द्वारा डिजाइन की गई ट्रॉफियां प्रदान की जाएंगी। सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र भी मिलेगा।
पुरस्कार वितरण समारोह और प्रदर्शनी 24 जून 2026 को अहमदाबाद में आयोजित होगी। चयनित प्रतिभागियों के लिए यात्रा और आवास की व्यवस्था भी आयोजकों द्वारा की जाएगी।
GAPC 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और दुनिया भर के दिव्यांग फोटोग्राफरों से इसमें भाग लेने की अपील की गई है।
