रामपुर नगर में हो रही लगातार और अंधाधुंध बिजली कटौती को लेकर व्यापारियों और आम जनता में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है।
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष शैलेंद्र शर्मा के नेतृत्व में व्यापारियों ने पहाड़ी गेट स्थित बिजली सब स्टेशन पर अधिशासी अभियंता तकनीकी अनुराग सिंह को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि पतंगबाजी और पेड़ों की कटाई-छंटाई के नाम पर घंटों बिजली आपूर्ति बाधित की जा रही है, जिससे व्यापार और आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। साथ ही स्मार्ट मीटर व्यवस्था को लेकर भी उपभोक्ताओं की समस्याएं उठाई गईं।
शैलेंद्र शर्मा ने कहा कि बिना पूर्व सूचना के बैलेंस खत्म होने पर बिजली काट दी जाती है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि इन समस्याओं का जल्द समाधान किया जाए।
वहीं अधिशासी अभियंता अनुराग सिंह ने आश्वासन दिया कि जल्द ही स्थिति में सुधार किया जाएगा और अगले 2-3 दिनों में बिजली आपूर्ति को सुचारू करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि पतंग उड़ाते समय तार का इस्तेमाल न करें, ताकि तकनीकी खराबी और फॉल्ट से बचा जा सके।
प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही शहर में 24 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की दिशा में काम किया जाएगा।
