रामपुर। मुख्यमंत्री मिशन रोजगार योजना के अंतर्गत युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सेवायोजन विभाग द्वारा राजकीय पॉलीटेक्निक, रामपुर में एक दिवसीय वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले का शुभारंभ नगर विधायक आकाश सक्सेना, जिला सहकारी बैंक के चेयरमेन मोहन लाल सैनी एवं मुख्य विकास अधिकारी गुलाब चन्द्र ने संयुक्त रूप से किया।
नगर विधायक आकाश सक्सेना ने अभ्यर्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि युवाओं को अपने भीतर कौशल विकसित करना चाहिए और अपनी रुचि के अनुसार कंपनियों में अवसर तलाशने चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे अवसरों का समय रहते लाभ उठाना जरूरी है।
चेयरमेन मोहन लाल सैनी ने भी युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि रोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्री-कैरियर काउंसलिंग बेहद महत्वपूर्ण है। वहीं मुख्य विकास अधिकारी गुलाब चन्द्र ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है और इस प्रकार के मेले युवाओं को एक ही स्थान पर विभिन्न कंपनियों से जुड़ने का अवसर प्रदान करते हैं।
प्रभारी जिला सेवायोजन अधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि इस रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की 19 प्रतिष्ठित कंपनियों—पुखराज हेल्थ केयर प्रा.लि., शिवम इंटरप्राइजेज, यजाकी इंडिया प्रा.लि., एमआरएफ टायर्स, क्यूस कॉर्प प्रा.लि., जेड एफ राने, युवा शक्ति फाउंडेशन, प्रयान ग्लोबल सर्विस प्रा.लि., युवा शक्ति एग्रीटेक लिमिटेड, सागर सिक्योरिटी, मुरादाबाद आदि—के एचआर प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया।
उन्होंने बताया कि मेले में कुल 1066 अभ्यर्थियों ने भाग लिया, जिनमें से साक्षात्कार के बाद 546 अभ्यर्थियों को विभिन्न कंपनियों द्वारा नौकरी के ऑफर दिए गए।
इस अवसर पर सहायक निदेशक मुरादाबाद मंडल रत्नेश चन्द्र, प्रधानाचार्य राजकीय पॉलीटेक्निक डीवी सिंह, प्रधानाचार्य राजकीय आईटीआई डॉ. मोहम्मद आसिफ एवं आरसेटी के निदेशक देशराज मीणा सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
