मोदीनगर विधानसभा क्षेत्र स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, भोजपुर में आज गार्डासिल (Gardasil) वैक्सीन के टीकाकरण अभियान का शुभारंभ माननीय विधायक डॉ. मंजू शिवाच द्वारा विधिवत रूप से किया गया। अभियान की शुरुआत एक बालिका को वैक्सीन लगाकर की गई, जिसे बुके भेंट कर सम्मानित भी किया गया।
यह गार्डासिल वैक्सीन विशेष रूप से 14 वर्ष से अधिक एवं 15 वर्ष से कम आयु की बालिकाओं के लिए लागू की गई है। अब इसे राज्य के स्वास्थ्य कार्यक्रम में भी शामिल कर लिया गया है, जिससे अधिक से अधिक बेटियों को इसका लाभ मिल सके।
विशेषज्ञों के अनुसार यह वैक्सीन महिलाओं में होने वाले गर्भाशय ग्रीवा कैंसर (सर्वाइकल कैंसर) से बचाव में अत्यंत प्रभावी है, जो भारत में महिलाओं में होने वाले सबसे आम कैंसरों में से एक है। वर्तमान आंकड़ों के मुताबिक देश में प्रति 1 लाख महिलाओं में लगभग 15–20 मामले सामने आते हैं।
यह वैक्सीन सभी बालिकाओं के लिए लाभकारी है, खासकर उन परिवारों के लिए जहां कैंसर की हिस्ट्री रही है। ऐसे में अभिभावकों से अपील की गई है कि वे अपनी बेटियों को यह वैक्सीन अवश्य लगवाएं।
टीकाकरण के बाद लाभार्थियों को डिजिटल सर्टिफिकेट भी उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे भविष्य में इसकी जानकारी सुरक्षित रहेगी। इस अभियान का उद्देश्य क्षेत्र की प्रत्येक बेटी को सुरक्षित, स्वस्थ और जागरूक बनाना है। प्रशासन ने लोगों से इस जन-जागरूकता अभियान से जुड़ने और अपनी बेटियों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए आगे आने की अपील की है।
