न्यूयॉर्क के ला गार्डिया एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा, एयर कनाडा विमान की फायर ट्रक से टक्कर, कई घायल

न्यूयॉर्क। अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर स्थित ला गार्डिया एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा सामने आया है, जहां एयर कनाडा एक्सप्रेस की फ्लाइट CRJ-900 की रनवे पर एक फायर ट्रक से टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में कई लोगों के घायल होने की खबर है।

जानकारी के अनुसार मॉन्ट्रियल से आ रही एयर कनाडा एक्सप्रेस की यह फ्लाइट रात करीब 11:30 बजे लैंडिंग कर रही थी। इसी दौरान रनवे-4 पर विमान की पोर्ट अथॉरिटी के एक दमकल वाहन से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि विमान का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।

घटना के बाद यूएस फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने एहतियातन एयरपोर्ट पर सभी उड़ानों को रोकने के निर्देश जारी कर दिए। हादसे के चलते एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

रिपोर्ट्स के मुताबिक इस दुर्घटना में कम से कम चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

घटना के कुछ वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आए हैं, जिनमें विमान का क्षतिग्रस्त हिस्सा देखा जा सकता है। हालांकि इन वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो पाई है।

फिलहाल संबंधित एजेंसियां हादसे के कारणों की जांच में जुटी हैं और सुरक्षा मानकों की समीक्षा की जा रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.