CM नायब सैनी के गुरुग्राम कार्यक्रम से हरियाणा में सियासी घमासान – स्थानीय सांसद और केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत की हो रही अनदेखी

गुस्ताखी माफ हरियाणा – पवन कुमार बंसल

सीएम नायब सैनी के गुरुग्राम कार्यक्रम से सियासी हलचल, “मेरे आंगन में तुम्हारा क्या काम है?”

हरियाणा की राजनीति एक बार फिर अंदरूनी खींचतान की ओर बढ़ती नजर आ रही है। इस बार मामला गुरुग्राम में आयोजित होने वाले एक राज्य स्तरीय कार्यक्रम से जुड़ा है, जिसकी अध्यक्षता मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी करने वाले हैं।

सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग द्वारा जारी अखबारों के विज्ञापनों के अनुसार “अंत्योदय का संकल्प” कार्यक्रम के तहत आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को आवासीय फ्लैट की चाबियां वितरित की जानी हैं। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री को मुख्य अतिथि और उद्योग मंत्री राव नरबीर सिंह को विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रमुखता से दर्शाया गया है।

हालांकि, सबसे ज्यादा चर्चा का विषय यह रहा कि गुरुग्राम के सांसद और केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह का नाम न तो निमंत्रण में शामिल किया गया और न ही विज्ञापनों में।

इस पर प्रतिक्रिया देते हुए राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि उन्हें कार्यक्रम का कोई निमंत्रण नहीं मिला है, ऐसे में उनके शामिल होने की संभावना कम है। हालांकि उन्होंने लाभार्थियों को बधाई जरूर दी।

इस घटनाक्रम ने राजनीतिक हलकों में बहस छेड़ दी है। अपने ही संसदीय क्षेत्र में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम से एक वरिष्ठ सांसद और केंद्रीय मंत्री को बाहर रखना प्रोटोकॉल और मंशा दोनों पर सवाल खड़े करता है। यह मामला इसलिए भी अहम हो जाता है क्योंकि राव नरबीर सिंह और राव इंद्रजीत सिंह के बीच लंबे समय से तनावपूर्ण संबंध माने जाते हैं।

अब यह विवाद एक बड़े सवाल को जन्म दे रहा है—क्या यह सिर्फ प्रशासनिक चूक है या फिर हरियाणा भाजपा के भीतर जारी गुटबाजी का संकेत?

 

khabre junction

Leave A Reply

Your email address will not be published.