ऐलनाबाद/हरियाणा, 20 मार्च (एम.पी. भार्गव): लोकसभा में हरियाणा के खेल मैदानों की खराब स्थिति को लेकर दिए गए जवाब पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए सिरसा की सांसद एवं कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव कुमारी सैलजा ने केंद्र सरकार के रवैये को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है।
मीडिया को जारी बयान में कुमारी सैलजा ने कहा कि हरियाणा देश का ऐसा राज्य है, जिसने ओलंपिक में लगभग 33 प्रतिशत पदक देश को दिलाए हैं, लेकिन इसके बावजूद यहां खेल सुविधाओं की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार इस मुद्दे पर अपनी जिम्मेदारी से बचती नजर आ रही है।
उन्होंने खेल मंत्री के जवाब पर असंतोष जताते हुए कहा कि यह जिम्मेदारी से बचने वाला उत्तर है। सैलजा ने आरोप लगाया कि हरियाणा जैसे खेल प्रतिभाओं से समृद्ध प्रदेश में न तो केंद्र और न ही राज्य सरकार खेल मैदानों के सुधार के लिए ठोस कदम उठा रही है।
रोहतक की एक घटना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि जर्जर खेल मैदानों के कारण खिलाड़ियों की जान तक चली गई, जो बेहद दुखद और चिंताजनक है। उन्होंने इसे खिलाड़ियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बताया।
कुमारी सैलजा ने मांग की कि हरियाणा के सभी खेल मैदानों की तत्काल समीक्षा कर उन्हें दुरुस्त किया जाए और खिलाड़ियों को सुरक्षित व आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि खेल को केवल राज्य का विषय बताकर केंद्र सरकार अपनी जिम्मेदारी से पीछे नहीं हट सकती।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि समय रहते सुधारात्मक कदम नहीं उठाए गए, तो यह देश की खेल प्रतिभाओं के साथ बड़ा अन्याय होगा।
