फरीदाबाद में अवैध निर्माण पर बुलडोजर, जीवन नगर पार्ट-2 समेत कई इलाकों में घर-दुकानें ध्वस्त

  • रिपोर्ट: नीरज मित्तल

फरीदाबाद: शहर के मुजेसर क्षेत्र में अवैध निर्माण के खिलाफ जिला नगर योजनाकार विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जीवन नगर पार्ट-2, सरूरपुर और गोछि इलाकों में कई घरों और दुकानों को ध्वस्त कर दिया। यह अभियान भारी पुलिस बल की मौजूदगी में जेसीबी मशीनों के जरिए चलाया गया।

जिला टाउन प्लानर यजन चौधरी ने बताया कि इन क्षेत्रों में लंबे समय से बिना अनुमति के निर्माण किया जा रहा था और भू-माफिया द्वारा अवैध कॉलोनियां विकसित की जा रही थीं। विभाग की ओर से पिछले करीब एक साल से लोगों को नोटिस जारी कर जमीन खाली करने और निर्माण हटाने के निर्देश दिए जा रहे थे, लेकिन निर्देशों का पालन नहीं किया गया।

इसके बाद कार्रवाई करते हुए करीब 4 से 6 अवैध मकान और 8 से 9 दुकानों को तोड़ दिया गया। विभाग का कहना है कि कई लोगों ने बिना रजिस्ट्री और बिना अनुमति के जमीन खरीदकर निर्माण कराया था। अधिकारियों ने लोगों से जमीन खरीदने से पहले पूरी जांच-पड़ताल करने की अपील की है।

वहीं, प्रभावित लोगों ने प्रशासन पर आरोप लगाया कि उन्हें कोई पूर्व सूचना या नोटिस नहीं मिला और अचानक टीम पहुंचकर तोड़फोड़ शुरू कर दी। स्थानीय लोगों ने यह भी सवाल उठाया कि यदि कॉलोनी अवैध थी, तो वहां बिजली कनेक्शन और अन्य सुविधाएं क्यों प्रदान की गईं।

प्रशासन का कहना है कि अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.