भीमताल-रानीबाग मार्ग हादसे में रामपुर के युवक की मौत, सांसद मोहिबुल्लाह नदवी ने जताया शोक

  • रिपोर्ट: शाहबाज़ खान, रामपुर

उत्तराखंड के भीमताल-रानीबाग मार्ग पर हुए भीषण सड़क हादसे में रामपुर निवासी युवक यासीन की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना पर रामपुर के सांसद मोहिबुल्लाह नदवी ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की है।

जानकारी के अनुसार, 16 मार्च 2026 को यासीन अपने एक मित्र के साथ बाइक से भीमताल से लौट रहे थे। रानीबाग के पास एक अनियंत्रित सरकारी वाहन ने बस को ओवरटेक करने के दौरान उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में यासीन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका मित्र गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।

घटना की जानकारी मिलते ही सांसद मोहिबुल्लाह नदवी ने नैनीताल के एसएसपी मंजूनाथ टीसी से फोन पर बात कर मामले में तत्काल एफआईआर दर्ज करने, निष्पक्ष जांच कराने और दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने सांसद के हस्तक्षेप के बाद मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सांसद ने इस हादसे को गंभीर लापरवाही बताते हुए कहा कि नियमों का उल्लंघन कर ओवरटेक करना एक बड़ी गलती है, जिसकी वजह से एक परिवार उजड़ गया। उन्होंने कहा कि यह घटना बेहद पीड़ादायक है और मृतक के परिवार, खासकर उनकी पत्नी के लिए यह अपूरणीय क्षति है।

सांसद ने उत्तराखंड सरकार और स्थानीय प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार को जल्द न्याय दिलाया जाए और उन्हें उचित मुआवजा प्रदान किया जाए। साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस दुख की घड़ी में वे परिवार के साथ खड़े हैं।

इस संबंध में सांसद प्रतिनिधि एडवोकेट महबूब अली पाशा ने भी जानकारी देते हुए कहा कि मामले में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.