रामपुर में ‘नव निर्माण के 9 वर्ष’ पर 9 दिवसीय प्रदर्शनी का शुभारंभ, लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ

  • रिपोर्ट: शाहबाज़ खान, रामपुर

प्रदेश सरकार के नव निर्माण के 9 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर रामपुर के विकास भवन सभागार में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान 9 दिवसीय प्रदर्शनी का शुभारंभ किया गया, जिसका उद्देश्य सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाना है।

कार्यक्रम में विधायक मिलक-शाहबाद राजबाला, भाजपा जिला अध्यक्ष हरीश गंगवार, जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी, पुलिस अधीक्षक विद्यासागर मिश्र, मुख्य विकास अधिकारी गुलाब चंद्र सहित कई अधिकारी और लाभार्थी मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत लखनऊ स्थित लोक भवन से मुख्यमंत्री के संबोधन के सजीव प्रसारण को देखकर की गई।

इस अवसर पर विधायक राजबाला ने कहा कि प्रदेश सरकार ‘सर्वहिताय’ के मूलमंत्र पर कार्य करते हुए समाज के हर वर्ग को लाभ पहुंचा रही है। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य, शिक्षा, किसानों, महिलाओं और बुजुर्गों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिससे आमजन को सीधा लाभ मिल रहा है।

भाजपा जिला अध्यक्ष हरीश गंगवार ने कहा कि सरकार के 9 वर्ष सेवा, सुरक्षा और सुशासन के प्रतीक हैं। पारदर्शिता और बिना भेदभाव के योजनाओं के क्रियान्वयन से जनता का भरोसा लगातार बढ़ा है और युवाओं को रोजगार व स्वरोजगार के अवसर मिल रहे हैं।

जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने बताया कि जनपद स्तर पर आयोजित इस 9 दिवसीय प्रदर्शनी में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए हैं, जहां लोगों को योजनाओं की जानकारी, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और लाभ लेने की पूरी जानकारी दी जा रही है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के तहत सुब्हान खां को आरओ वाटर प्लांट के लिए ₹5 लाख, ढाकनलाल को आइसक्रीम निर्माण के लिए ₹2.5 लाख और कृष्णपाल को बुटीक के लिए ₹2 लाख के डेमो चेक प्रदान किए गए। इसके अलावा, राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत 7 स्वयं सहायता समूहों को सम्मानित किया गया।

मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के अंतर्गत कई बच्चों को योजना से जोड़ा गया, वहीं 7 निराश्रित महिलाओं को पेंशन योजना का लाभ दिया गया। श्रम विभाग द्वारा भी कई लाभार्थियों को आर्थिक सहायता के चेक वितरित किए गए।

मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत ओमवती, चांदनी गंगवार और संतोष कुमारी को आवास की प्रतीकात्मक चाबियां सौंपी गईं। साथ ही एक दिव्यांग बालिका को ट्राईसाइकिल भी प्रदान की गई।

विकास भवन परिसर में आयोजित इस प्रदर्शनी में विभिन्न विभागों के स्टॉल के माध्यम से आमजन को योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जा रही है, जिससे अधिक से अधिक लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।

Leave A Reply

Your email address will not be published.