रामपुर: मण्डलायुक्त ने कलेक्ट्रेट का निरीक्षण किया, वसूली व लंबित वादों के निस्तारण में तेजी के निर्देश

रामपुर। मुरादाबाद मंडल के मण्डलायुक्त Anjaneya Kumar Singh ने जिलाधिकारी Ajay Kumar Dwivedi के साथ कलेक्ट्रेट का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए वसूली और राजस्व वादों के शीघ्र निस्तारण के सख्त निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मण्डलायुक्त ने रामपुर विकास प्राधिकरण द्वारा 43.10 लाख रुपये की लागत से बनने वाले कलेक्ट्रेट गेट का शिलान्यास भी किया। उन्होंने कलेक्ट्रेट के अलग-अलग अनुभागों का जायजा लेते हुए कार्यप्रणाली को और बेहतर बनाने पर जोर दिया।

लंबित वादों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश

मिनी कमांड सेंटर में सीसीटीवी व्यवस्था का निरीक्षण करने के बाद मण्डलायुक्त ने एआईजी स्टाम्प कार्यालय में 5 वर्ष से अधिक पुराने मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए। अपर जिलाधिकारी न्यायालय में धारा 30, 12, 24 और 67 से जुड़े मामलों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।

रिकॉर्ड और व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने पर जोर

शस्त्र अनुभाग, नजारत कक्ष और ईआरके कक्ष का निरीक्षण करते हुए उन्होंने अभिलेखों को अद्यतन रखने, आय-व्यय रजिस्टर तैयार करने और पत्रावलियों की वीडिंग प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के निर्देश दिए। अभिलेखागार में राजस्व रिकॉर्ड को सुव्यवस्थित रखने और बस्तों की सूची तैयार करने पर भी जोर दिया गया।

खाद्य सुरक्षा और आपदा प्रबंधन की समीक्षा

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि विभाग में नमूनों की संख्या बढ़ाने और छापेमारी तेज करने के निर्देश दिए गए। आपदा प्रबंधन कक्ष में प्रत्येक गांव के लिए अलग आपातकालीन योजना तैयार करने और ग्राम प्रधानों के मोबाइल नंबर संकलित करने को कहा गया।

वसूली में तेजी लाने के निर्देश

एसीआर अनुभाग में बड़े बकायेदारों से वसूली की स्थिति की समीक्षा करते हुए मण्डलायुक्त ने राजस्व वसूली में तेजी लाने के निर्देश दिए।

अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक

निरीक्षण के बाद कलेक्ट्रेट सभागार में उपजिलाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई, जिसमें 5 वर्ष से अधिक पुराने वादों (धारा 33, 34) के निस्तारण और एआईएस कार्यों में तेजी लाने पर जोर दिया गया।

इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी गुलाब चंद्र, अपर आयुक्त अरुण कुमार सिंह, एडीएम वित्त एवं राजस्व संदीप कुमार वर्मा, एडीएम प्रशासन डॉ. नितिन मदान और नगर मजिस्ट्रेट सलिकराम समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.