प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0: रामपुर में 445 लाभार्थियों को पहली किस्त जारी

रामपुर। विकास भवन सभागार में प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 के तहत लखनऊ से सजीव प्रसारण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान प्रदेश के करीब 90 हजार लाभार्थियों को डीबीटी के माध्यम से 900 करोड़ रुपये की धनराशि हस्तांतरित की गई।

कार्यक्रम में शहर विधायक आकाश सक्सेना एवं जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी सहित बड़ी संख्या में लाभार्थियों ने मुख्यमंत्री के उद्बोधन को सुना। इस अवसर पर विधायक और जिलाधिकारी ने लाभार्थियों को प्रधानमंत्री आवास योजना के स्वीकृति पत्र भी वितरित किए।

जनपद रामपुर की विभिन्न नगरीय निकायों में कुल 445 लाभार्थियों के खातों में प्रति लाभार्थी 1 लाख रुपये की पहली किस्त डीबीटी के माध्यम से भेजी गई। इसमें बिलासपुर के 100, दढ़ियाल के 55, केमरी के 74, नरपत नगर के 31, रामपुर के 20, सैफनी के 100, स्वार के 41 और टाण्डा के 24 लाभार्थी शामिल हैं।

प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि योजना के माध्यम से पात्र लोगों को आवास उपलब्ध कराने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम है, जिससे गरीब और जरूरतमंद परिवारों को पक्का घर मिलने का सपना साकार हो सकेगा।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.