जिला जल एवं सीवरेज मिशन की बैठक: गर्मियों में पेयजल आपूर्ति सुदृढ़ करने के निर्देश

ऐलनाबाद, मार्च (एम.पी. भार्गव)। उपायुक्त शांतनु शर्मा की अध्यक्षता में सोमवार को लघु सचिवालय सभागार में जिला जल एवं सीवरेज मिशन (डीडब्ल्यूएसएम) की 6वीं बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वच्छ पेयजल आपूर्ति, जल संरक्षण और ग्रामीण क्षेत्रों में चल रही पेयजल परियोजनाओं की समीक्षा की गई। इस दौरान अतिरिक्त उपायुक्त वीरेंद्र सहरावत भी उपस्थित रहे।

बैठक में जल जीवन मिशन सहित विभिन्न योजनाओं के तहत जिले में चल रहे कार्यों, जल गुणवत्ता, जल संरक्षण गतिविधियों और गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही जल अर्पण दिवस और जल महोत्सव के आयोजन को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई।

अधिकारियों ने जल सेवा आंकलन, जल गुणवत्ता निगरानी, पानी की उपलब्धता, ग्रीष्मकालीन तैयारियों, ग्रामीण जल आपूर्ति के बुनियादी ढांचे जैसे ट्यूबवेल, बूस्टर और नहरों की सुरक्षा व रखरखाव तथा उपभोक्ताओं की शिकायतों के निवारण पर भी विचार-विमर्श किया। इस दौरान जनस्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी अभियंता विजय कुमार और डब्ल्यूएसएसओ के जिला सलाहकार राकेश सोगलान ने प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की।

उपायुक्त शांतनु शर्मा ने निर्देश दिए कि जल संरक्षण और स्वच्छ पेयजल के प्रति आमजन को अधिक से अधिक जागरूक किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से स्कूली बच्चों के बीच शॉर्ट फिल्म, नुक्कड़ नाटक जैसे माध्यमों से पानी बचाने और स्वच्छ पेयजल के प्रति जागरूकता फैलाने पर जोर दिया।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.