बदायूं, मार्च। जनपद बदायूं में 14 व 15 मार्च 2026 को आयोजित पुलिस उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा सभी 15 परीक्षा केन्द्रों पर सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुई। रविवार को परीक्षा के दूसरे दिन जिलाधिकारी Avnish Rai ने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ विभिन्न परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने केदारनाथ इंटर कॉलेज, गिन्दो देवी डिग्री कॉलेज, राजकीय महिला डिग्री कॉलेज बदायूं तथा कोषागार का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
द्वितीय दिवस पर उप निरीक्षक (नागरिक पुलिस) एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती परीक्षा 2025 जनपद बदायूं के 15 केन्द्रों पर आयोजित की गई। प्रथम पाली में 4320 अभ्यर्थियों में से 3165 अभ्यर्थी उपस्थित रहे, जबकि 1155 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। वहीं द्वितीय पाली में 4320 अभ्यर्थियों में से 3173 अभ्यर्थी उपस्थित रहे और 1147 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
प्रथम पाली में उपस्थिति प्रतिशत 73.26 रहा, जबकि द्वितीय पाली में 73.45 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लिया। जनपद के सभी 15 केन्द्रों पर दूसरे दिन की परीक्षा शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई।
दो दिवसीय परीक्षा में कुल 17,280 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 12,480 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 4,800 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। दोनों दिनों को मिलाकर कुल उपस्थिति प्रतिशत 72.22 प्रतिशत दर्ज किया गया।
परीक्षा के दौरान सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती रही, जिससे पूरी परीक्षा प्रक्रिया व्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराई जा सकी।
