Amritsar में घरेलू गैस सिलेंडर को लेकर लोगों को इन दिनों काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर Israel और Iran के बीच बढ़ते तनाव का असर अब भारत में भी देखने को मिल रहा है, जिसके चलते गैस सिलेंडर की आपूर्ति और वितरण में दिक्कतें सामने आ रही हैं।
शहर के लोगों का आरोप है कि गैस एजेंसी तक पहुंचने के बावजूद उन्हें समय पर सिलेंडर नहीं मिल रहा है, जिससे घरों में खाना बनाने तक की समस्या खड़ी हो गई है। इस संबंध में कई लोगों ने मीडिया से बातचीत कर अपनी परेशानी साझा की।
अमृतसर की निवासी रेखा अग्रवाल ने बताया कि वह अनेम सिनेमा के पास रहती हैं। उनके अनुसार उनका गैस सिलेंडर ग्रेजुएट गैस एजेंसी पर पहुंच चुका था और एजेंसी की ओर से उन्हें फोन भी किया गया था, लेकिन उस समय वह घर पर मौजूद नहीं थीं। बाद में उन्होंने दो दिनों तक एजेंसी से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया।
उन्होंने बताया कि जब आज फोन उठाया गया तो उन्हें एजेंसी पर आकर ओटीपी नंबर देने के लिए कहा गया। उन्होंने ओटीपी भी दे दिया, लेकिन इसके बावजूद उन्हें सिलेंडर नहीं दिया गया। रेखा अग्रवाल का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय हालात के कारण आम जनता को परेशानी झेलनी पड़ रही है और सरकार को इस समस्या पर ध्यान देना चाहिए।
वहीं स्थानीय निवासी आयुष अग्रवाल ने भी अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि दूसरे देशों के बीच चल रहे तनाव का खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि एक गैस सिलेंडर पाने के लिए लोगों को काफी संघर्ष करना पड़ रहा है। उनके घर में गैस खत्म हो चुकी है, जिससे खाना बनाने में परेशानी हो रही है।
एक अन्य व्यक्ति ने बताया कि उन्होंने ग्रेजुएट गैस एजेंसी पर गैस बुक कराने की कोशिश की, लेकिन एजेंसी की ओर से शुरू किए गए नए मोबाइल ऐप पर बुकिंग सही तरीके से नहीं हो पा रही है। सरकार की ओर से भले ही कहा जा रहा है कि गैस की कोई कमी नहीं है, लेकिन एजेंसी पर आने वाले लोगों को बताया जा रहा है कि सिलेंडर मिलने में 8 से 10 दिन का समय लग सकता है।
इसी तरह राकेश नाम के एक व्यक्ति ने कहा कि पहले गैस सिलेंडर घर-घर पहुंचा दिया जाता था और लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं होती थी। लेकिन अब नई प्रक्रिया के चलते लोगों को खुद एजेंसी के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, जिससे आम जनता को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
