देवीलाल पार्क के विकास कार्यों की जांच शुरू, एसडीएम ने मौके पर पहुंचकर किया निरीक्षण

ऐलनाबाद, 13 मार्च (एम.पी. भार्गव)। शहर के चौधरी देवीलाल पार्क में नगर पालिका द्वारा करवाए गए शेड व अन्य विकास कार्यों को लेकर मिली शिकायतों के बाद गुरुवार को उपमंडल अधिकारी (नागरिक) पारस भगोरिया ने मौके पर पहुंचकर जांच की।

उपमंडल अधिकारी को नगर पालिका द्वारा पार्क में कराए गए विकास कार्यों में भ्रष्टाचार की आशंका को लेकर कई शिकायतें प्राप्त हुई थीं। इन्हीं शिकायतों के आधार पर उन्होंने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों से कार्यों के बारे में जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान उपमंडल अधिकारी पारस भगोरिया ने पार्क में बनाए गए शेड सहित अन्य विकास कार्यों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने नगर पालिका सचिव रविंद्र कुमार को संबंधित दस्तावेज और पूरी जानकारी के साथ एसडीएम कार्यालय में उपस्थित होने के निर्देश भी दिए।

जांच के दौरान योगा शेड के नीचे लगाए गए मार्बल की कई टाइलें टूटी हुई पाई गईं और उनका लेवल भी समान नहीं था। इस पर उपमंडल अधिकारी ने उन्हें ठीक कराने के आदेश दिए।

नगर पालिका सचिव रविंद्र कुमार ने उपमंडल अधिकारी को बताया कि नगर पालिका की हाउस मीटिंग होने के कारण वह अगले दिन कार्यालय में उपस्थित नहीं हो पाएंगे, लेकिन उसके अगले दिन निर्माण कार्य से संबंधित सभी दस्तावेज लेकर एसडीएम कार्यालय में पहुंच जाएंगे।

इस दौरान नगर पालिका सचिव रविंद्र कुमार, एमई प्रवीण मलिक, जेई अजय, सर्वजीत सिंह और सूरज कुमार सहित अन्य कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे। अब देखना यह होगा कि यह जांच कितनी ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ पूरी होती है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.