जनगणना 2027 को लेकर तीन दिवसीय प्रशिक्षण का समापन

मोबाइल ऐप,डेटा सुरक्षा और फील्ड कार्य से जुड़े पहलुओं पर अधिकारियों-कर्मियों को दिया गया प्रशिक्षण

लखीसराय(सरफराज आलम)भारत की जनगणना 2027 की तैयारियों के तहत आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का बुधवार को सफलतापूर्वक समापन हो गया। समापन सत्र की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी सह प्रधान जनगणना अधिकारी मिथिलेश मिश्र ने की।

प्रशिक्षण का उद्देश्य जनगणना कार्य में संलग्न अधिकारियों एवं कर्मियों को आधुनिक तकनीक, मोबाइल ऐप और डेटा प्रबंधन से संबंधित आवश्यक जानकारी एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान करना था। प्रशिक्षण के दौरान सिद्धांत और डेमो के माध्यम से जनगणना में उपयोग होने वाले मोबाइल ऐप की प्रमुख विशेषताओं की जानकारी दी गई।

सत्र में एचएलओ (HLO) प्रश्नावली के प्रश्न संख्या 1 से 34 तक को भरने की प्रक्रिया को विस्तार से समझाया गया। साथ ही एचएलओ पर्यवेक्षक ऐप के माध्यम से डेटा सत्यापन की प्रक्रिया और उसमें पर्यवेक्षक की भूमिका पर भी प्रकाश डाला गया। प्रशिक्षण के दौरान डेटा नैतिकता, गोपनीयता और डेटा सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विशेष चर्चा की गई।

अधिकारियों को मोबाइल और वेब ऐप के उपयोग में आने वाली संभावित तकनीकी समस्याओं के समाधान, सुरक्षित उपयोग और डेटा सुरक्षा के लिए अपनाए जाने वाले ‘क्या करें और क्या न करें’ की भी जानकारी दी गई। इसके अलावा फील्ड स्तर पर आने वाली चुनौतियों, प्रतिवादियों से संवाद स्थापित करने तथा प्रगणकों के आचरण से संबंधित आवश्यक निर्देश भी दिए गए।

कार्यक्रम में सीएमएमएस डैशबोर्ड के माध्यम से डेटा गुणवत्ता की निगरानी और पर्यवेक्षण की प्रक्रिया पर भी चर्चा की गई। जिला और चार्ज अधिकारियों को वेब पोर्टल व मोबाइल ऐप के जरिए डेटा प्रबंधन और निगरानी के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई। साथ ही डीसीएचबी प्रक्रिया (भाग–1) पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण भी किया गया।

समापन सत्र में जिलाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने सभी प्रतिभागियों को जनगणना कार्य को पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ संपन्न करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जनगणना देश के विकास की आधारभूत प्रक्रिया है और इसके आंकड़े नीतिगत निर्णयों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होते हैं।

इस अवसर पर अपर समाहर्ता नीरज कुमार, जिला योजना पदाधिकारी आशुतोष कुमार, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी राम विनोद प्रसाद यादव, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.