गाजियाबाद: थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक पुलिस ने गौकशी करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ में दो बदमाशों को घायल कर दिया, जबकि तीन अन्य आरोपियों को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार और गौकशी से संबंधित सामान भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 11 मार्च 2026 की रात करीब 12:30 बजे थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक को मुखबिर से सूचना मिली कि 3 मार्च को गौकशी की घटना को अंजाम देने वाला गिरोह दोबारा सक्रिय हो गया है। सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए एबीईएस कट और चिपियाना अंडरपास के पास तीन चेक पॉइंट बनाकर पुलिस बल तैनात कर दिया।
चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक होंडा सिटी कार को रुकने का इशारा किया, लेकिन कार सवार आरोपियों ने वाहन को मोड़कर चिपियाना अंडरपास की ओर भागने का प्रयास किया। पुलिस को सामने देखकर आरोपियों ने कार को कच्चे रास्ते पर उतारकर फरार होने की कोशिश की। इस दौरान खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें मारूफ और अयान नामक दो बदमाशों के पैर में गोली लग गई। वहीं पुलिस ने उनके तीन अन्य साथियों जोहिन, आलम और समीर को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे, खोखा, जिंदा कारतूस और गौकशी से संबंधित सामान बरामद किया है। पूछताछ में आरोपियों ने वेवसिटी और थाना विजयनगर क्षेत्र में कुछ दिन पहले गौकशी की घटनाओं को अंजाम देने की बात भी स्वीकार की है।
घायल आरोपियों को उपचार के लिए सीएचसी भेज दिया गया है। पुलिस द्वारा मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
