जिले में घरेलू गैस व पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति सामान्य, अफवाहों से बचें नागरिक: डीएफएससी

ऐलनाबाद, 11 मार्च (एमपी भार्गव): जिला खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले नियंत्रक हरवीर ने जिले में कार्यरत सभी गैस कंपनियों की एजेंसियों के मालिकों और प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर गैस आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा की। बैठक में अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के चलते गैस आपूर्ति पर संभावित प्रभाव को लेकर चर्चा की गई और यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया कि जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति में किसी प्रकार की कमी न आने पाए।

जिला नियंत्रक हरवीर ने गैस एजेंसी संचालकों को निर्देश दिए कि किसी भी परिस्थिति में घरेलू गैस सिलेंडरों की कमी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि व्यवसायिक गैस सिलेंडरों की सप्लाई बंद होती है तो भी घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी या दुरुपयोग नहीं होना चाहिए। इसके लिए जिला प्रशासन ने केंद्रवार विशेष टीमों का गठन किया है, जो पूरे मामले पर नजर रखेंगी।

इसके साथ ही अंतरराष्ट्रीय हालात को देखते हुए पेट्रोल पंप संचालकों को भी निर्देश दिए गए हैं कि आम लोगों को खुली बोतलों या ड्रमों में पेट्रोल और डीजल न दिया जाए, ताकि कोई भी व्यक्ति इनका अनावश्यक भंडारण न कर सके और कालाबाजारी की संभावना भी न रहे। पेट्रोल पंप संचालकों ने बताया कि सिरसा जिले में पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त उपलब्धता है और सभी पंपों पर आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है।

बैठक के दौरान गैस एजेंसी संचालकों ने भी भरोसा दिलाया कि जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता है और उनकी आपूर्ति सुचारू रूप से जारी है। उन्होंने बताया कि गैस कंपनियों ने सिलेंडर बुकिंग की अवधि बढ़ाकर 25 दिन कर दी है और उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर की डिलीवरी ओटीपी आधारित प्रणाली से ही दी जा रही है। फिलहाल गैस कंपनियों द्वारा व्यवसायिक गैस सिलेंडरों की सप्लाई अस्थायी रूप से रोक दी गई है।

प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें, क्योंकि जिले में घरेलू गैस सिलेंडर तथा पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.