सीएम डैशबोर्ड पर जिले का डंका: राजस्व में 7वें और विकास कार्यों में 11वें स्थान पर पहुंचा रामपुर

रामपुर: मुख्यमंत्री डैशबोर्ड (सीएम डैशबोर्ड) की ताजा रैंकिंग में रामपुर जनपद ने विकास के पैमाने पर बड़ी छलांग लगाई है। विभिन्न सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और लगातार मॉनिटरिंग के दम पर जिले ने राजस्व कार्यों में पूरे प्रदेश में 7वां और विकास कार्यों में 11वां स्थान हासिल किया है। इस उपलब्धि ने जिले के प्रशासनिक कामकाज की गुणवत्ता को दर्शाया है।

71 जनकल्याणकारी योजनाओं में मिला ए ग्रेड

जिले में संचालित विभिन्न विभागीय योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के चलते मुख्यमंत्री डैशबोर्ड के तहत कुल 71 योजनाओं में जिले को ए ग्रेड प्राप्त हुआ है।

इन योजनाओं में प्रमुख रूप से ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत, कृषि एवं ग्राम विकास, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, पंचायती राज और नमामि गंगे, प्राथमिक व माध्यमिक शिक्षा, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), समाज कल्याण, अल्पसंख्यक कल्याण, पिछड़ा वर्ग कल्याण, दुग्ध विकास, पशुधन एवं मत्स्य, दिव्यांगजन सशक्तिकरण तथा सहकारिता विभाग शामिल हैं।

टीम वर्क और समर्पण का परिणाम: डीएम

इस उपलब्धि पर जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने सभी विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सफलता सभी विभागों के बेहतर टीम वर्क, समर्पण और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का परिणाम है।

डीएम ने कहा कि जिले को प्रदेश में सर्वोच्च स्थान पर पहुंचाने के लिए आगे भी इसी तरह आपसी समन्वय के साथ काम करना होगा।

अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे योजनाओं का लाभ

जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देश देते हुए कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचना चाहिए। शासन की मंशा है कि आम जनता को बिना किसी परेशानी के सरकारी योजनाओं का अधिकतम और सीधा लाभ मिल सके।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.